नई दिल्ली. वेस्टइंडीज़ क्रिकेट टीम को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ एंटीगुआ में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में स्लो ओवर रेट का खामियाजा भुगतना पड़ा। International Cricket Council ने वेस्टइंडीज़ के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दो अंक काट दिए हैं। इसके साथ ही टीम के खिलाड़ियों पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया। मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने समय में दी गई सभी छूटों की समीक्षा के बाद पाया कि वेस्टइंडीज़ निर्धारित समय से दो ओवर पीछे रही। ICC की आचार संहिता के अनुसार प्रत्येक ओवर की देरी पर खिलाड़ियों पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है, जबकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के नियमों के तहत प्रति ओवर एक WTC अंक काटा जाता है। वेस्टइंडीज़ के कप्तान रॉस्टन चेज़ ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और प्रस्तावित सजा को मान लिया। इसके चलते औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
एंटीगुआ टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ। पहली पारी में वेस्टइंडीज़ ने 50 रन की बढ़त हासिल की थी और दोनों पारियों में कुल 188.3 ओवर की गेंदबाजी की। हालांकि, पहले टेस्ट में पारी और 217 रन की बड़ी जीत के दम पर वेस्टइंडीज़ ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। दो अंक कटने के बाद वेस्टइंडीज़ के WTC अंक घटकर 18 रह गए हैं और टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है। मौजूदा WTC चक्र में वेस्टइंडीज़ ने अब तक 10 टेस्ट खेले हैं, जिनमें एक जीत, दो ड्रॉ और सात हार दर्ज की हैं।


