नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे राउंड में पृथ्वी शॉ ने बल्ले से तूफान मचा दिया। महाराष्ट्र के ओपनर ने सोमवार (27 अक्टूबर) को चंडीगढ़ के सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ शानदार अंदाज में दोहरा शतक जड़ा। उन्होंने सिर्फ 141 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की और भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों रवि शास्त्री और वीरेंद्र सहवाग की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया। शॉ ने 156 गेंदों पर 29 चौके और 5 छक्के ठोकते हुए कुल 222 रन बनाए। रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड के तीसरे दिन पृथ्वी शॉ ने 72 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 16वां सबसे तेज शतक पूरा किया। इसके बाद अगली 54 गेंदों पर उन्होंने 80 रन ठोके। लंच तक वह 126 गेंदों पर 180 रन बनाकर क्रीज पर थे। अगले 20 रन उन्होंने 15 गेंद खेलकर पूरे किए।
तन्मय अग्रवाल के नाम है सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड
पृथ्वी शॉ रणजी ट्रॉफी एलीट पैनल में दूसरे सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। रवि शास्त्री ने 1984-85 में 123 गेंद पर दोहरा शतक ठोका था। तन्मय अग्रवाल के नाम बतौर भारतीय प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सबसे तेज डबल सेंचुरी का रिकॉर्ड है। हैदराबाद के ओपनर ने जनवरी 2024 में रणजी ट्रॉफी प्लेट टूर्नामेंट में 119 गेंदों पर दोहरा शतक ठोका था।
सहवाग के क्लब में शामिल
पृथ्वी शॉ अब वीरेंद्र सहवाग के बाद ऐसे दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने 200 गेंदों के भीतर एक से अधिक बार फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ा है। सहवाग ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में यह कारनामा तीन बार किया था। शॉ का यह उनकी नई घरेलू टीम महाराष्ट्र के लिए सिर्फ दूसरा मैच है। खास बात यह रही कि इस मुकाबले की पहली पारी में वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सबसे तेज दोहरे शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
| गेंद | खिलाड़ी | मैच | वेन्यू | सत्र |
| 119 | तन्मय अग्रवाल | हैदराबाद बनाम अरुणाचल प्रदेश (प्लेट ग्रुप) | नेक्सजेन क्रिकेट ग्राउंड, सिकंदराबाद | 2023/24 |
| 123 | आरजे शास्त्री | बॉम्बे बनाम बड़ौदा | वानखेड़े स्टेडियम, बॉम्बे | 1984/85 |
| 141 | पृथ्वी शॉ | महाराष्ट्र बनाम चंडीगढ़ | क्रिकेट स्टेडियम, सेक्टर-16, चंडीगढ़ | 2025/26 |
| 143 | जी राहुल सिंह | हैदराबाद बनाम नागालैंड | सोविमा क्रिकेट स्टेडियम, दीमापुर | 2023/24 |
| 146 | एसएस कौथंकर | गोवा बनाम अरुणाचल प्रदेश | गोवा क्रिकेट एसोसिएशन अकादमी ग्राउंड, पोरवोरिम | 2024/25 |
| 156 | आरके बोरा | असम बनाम बिहार</td> | मेटलर्जिकल एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंट लिमिटेड सेल स्टेडियम, रांची | 1991/92 |
| 168 | वीरेंद्र सहवाग | भारत बनाम श्रीलंका | ब्रेबोर्न स्टेडियम, मुंबई | 2009/10 |
| 171 | गुरेंदर सिंह | चंडीगढ़ बनाम मणिपुर | वीडियोकॉन अकादमी ग्राउंड, कोलकाता</td> | 2019/20 |
| 171 | एसके पटेल | गोवा बनाम मिजोरम | कलकत्ता क्रिकेट और फुटबॉल ग्राउंड, कलकत्ता | 2019/20 |
| 174 | पृथ्वी शॉ | मुंबई बनाम बड़ौदा | रिलायंस क्रिकेट स्टेडियम, वडोदरा | 2019/20 |


