नई दिल्ली : भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने शनिवार को दक्षिण एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में 13 स्वर्ण पदक जीतकर अपना क्षेत्रीय दबदबा साबित किया। यह टूर्नामेंट एशियाई युवा चैंपियनशिप के लिए क्वालिफायर भी है। अंडर-19 लड़कों के एकल फाइनल में भारत के प्रियनुज भट्टाचार्य ने हमवतन पुनीत बिस्वास को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
युगल वर्ग में भी भारत का कब्जा, खिताब किया अपने नाम
युगल में एमआर बालमुरुगन और मेहान सेंथिल ने पहले गेम में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए बांग्लादेश के अबुल हसीब और नफीज इकबाल को हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-15 लड़कों के वर्ग में आदित्य दास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में हमवतन खिलाड़ी अक्षय किरिकारा को हराया। युगल का खिताब भी भारत के ही पास रहा जिसमें ऋषान चट्टोपाध्याय और आकाश राजवेलु ने नेपाल के खिलाफ पांच गेम तक चले कड़े मुकाबले में जीत हासिल की।
लड़कियों के वर्ग में जेनिफर वर्गीज ने शानदार वापसी करते हुए एक गेम से पिछड़ने के बाद अंडर-19 फाइनल में हमवतन अनन्या मुरलीधरन को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, अंडर-15 वर्ग में अंकोलिका चक्रवर्ती ने आहोना रे को मात देकर स्वर्ण पदक जीता। भारत ने लड़कियों के युगल के दोनों वर्गों में भी क्लीन स्वीप किया, जबकि मिश्रित युगल में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा।


