नई दिल्ली : अंडर-23 विश्व चैंपियन सुजीत और अभिमन्यु ने शनिवार को सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को दो स्वर्ण पदक दिलाए। पुरुषों की 65 किग्रा फ्रीस्टाइल फाइनल में अजेय लय में चल रहे सुजीत ने उज्बेकिस्तान के उमिदजोन जलोलोव को एकतरफा मुकाबले में 8-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ वह 2019 में बजरंग पूनिया के बाद इस भार वर्ग में एशियाई खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए।
इससे पहले 57 किग्रा वर्ग में अंकुश ने जापान के फुगा सासाकी को 8-2 से हराकर कांस्य पदक जीतते हुए भारत के पदक अभियान को मजबूती दी। अब अंतिम दिन भारत के पास दो और स्वर्ण पदक जीतने का सुनहरा मौका होगा, जहां पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन (61 किग्रा) और मुकुल दहिया (86 किग्रा) अपने-अपने फाइनल में उतरेंगे। अमन ने सेमीफाइनल में ईरान के अहमद मोहम्मदनेजादजावन को 11-9 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की, जबकि मुकुल दहिया ने कजाखस्तान के बोलात सकायेव के खिलाफ शुरुआती झटके के बाद शानदार वापसी करते हुए 12-6 से मुकाबला जीता। अब अमन का सामना उत्तर कोरिया के क्वांग एम किम से होगा, वहीं मुकुल दहिया का स्वर्ण पदक मुकाबला ईरान के कामरान घासेमपुर से होगा। दूसरी ओर, दिनेश को 125 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक के लिए मुकाबला करना होगा, क्योंकि उन्हें सेमीफाइनल में बहरीन के शमिल शारिपोव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।