नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला बुधवार 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। शाम साढ़े सात बजे शुरू होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले की विजेता टीम शुक्रवार 29 मई को इसी मैदान पर क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। गुजरात को 26 मई की रात खेले गए क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
हेड टू हेड रिकॉर्ड ने बढ़ाया रोमांच
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक 23 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 23 में से 14 मैच में जीत हासिल की है, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने नौ मैच में जीत हासिल की है।
महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एलिमिनेटर मैच के लिए पिच नंबर 4 का इस्तेमाल किया जाएगा। इस सीज़न में यह पिच काफी हाई-स्कोरिंग रही है। राजस्थान रॉयल्स के लिए इसकी यादें भी अच्छी रही हैं। लगभग एक महीने पहले राजस्थान रॉयल्स ने इसी पिच पर पंजाब किंग्स के खिलाफ 223 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था। IPL 2026 में इस पिच पर खेले गए तीनों मैच उन टीमों ने जीते जिन्होंने लक्ष्य का पीछा किया।
बुधवार 27 मई 2026 को होने वाले मैच में भी यही ट्रेंड देखने को मिल सकता है। यह एक ऐसा मैदान है जहां पावरप्ले के बाद स्कोरिंग रेट में काफी गिरावट आती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 214 रन है। इस मैदान पर आईपीएल 2026 में खेले गए चार मुकाबलों में स्पिनरों का इकॉनमी रेट 9.29 रहा है, जो तेज गेंदबाजों (11.06) के मुकाबले बेहतर है।
मुल्लांपुर के मौसम का पूर्वानुमान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। न्यू चंडीगढ़ शहर भी इससे अछूता नहीं है। यहां शाम 5 बजे के बाद भी 40 डिग्री से ऊपर बना रहता है। सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच के दौरान तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन की बात करें तो दासुन शनाका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिर दोहराया कि रियान पराग और रविंद्र जडेजा को ‘कुछ हल्की-फुल्की चोटें’ हैं, लेकिन उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बस इतना कहा कि ‘उम्मीद है वह ठीक हो जाएंगे।’ अभ्यास सत्र के अंत में रविंद्र जडेजा ने एक पैड पहनकर हल्की-फुल्की थ्रोडाउन प्रैक्टिस की। इससे पहले उन्होंने कुछ कदम चलकर गेंदबाजी भी की थी। अगर वह नहीं खेल पाते हैं तो RR रवि बिश्नोई को टीम में शामिल कर सकती है। रवि बिश्नोई ने पिछली शाम लंबी गेंदबाजी की थी।
एक अतिरिक्त तेज गेंदबाजी विकल्प के तौर पर उसके पास संदीप शर्मा भी मौजूद हैं। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं। प्रैक्टिस के दौरान रियान पराग दूर खड़े होकर सब देख रहे थे। उन्होंने पैड नहीं पहने थे, लेकिन उम्मीद है कि वह चोट के बावजूद खेलेंगे। जैसाकि उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद संकेत दिया था।
मैच-अप की बात करें तो ट्रैविस हेड बनाम जोफ्रा आर्चर का मुकाबला आग और बर्फ जैसा है। T20 क्रिकेट में ट्रैविस हेड ने जोफ्रा आर्चर के खिलाफ 160.6 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, लेकिन 33 गेंदों में तीन बार आउट भी हुए हैं। जोफ्रा आर्चर इस समय अपने IPL करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। जोफ्रा आर्चर का पावरप्ले में स्ट्राइक रेट 14.8 है। ट्रैविस हेड के पिछले तीन स्कोर (0, 6 और 26 रन) हैं। उम्मीद है कि जोफ्रा आर्चर उन्हें कम जगह देकर और सरप्राइज बाउंसर फेंककर रनों के लिए तरसाएंगे।
राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग XII: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), दासुन शनाका, डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर, शुभम दुबे, रविंद्र जडेजा/रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, बृजेश शर्मा।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से चोट को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। हर्षल पटेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पिछला मैच खेला था और आखिरी जगह के लिए उनके और प्रफुल हिंगे के बीच मुकाबला हो सकता है। मैच-अप की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी इस सीजन SRH के खिलाफ एक शतक लगा चुके हैं। जाहिर है सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि वैभव सूर्यवंशी को कैसे रोका जा सकता है। उस पारी के दौरान पैट कमिंस ने उन्हें सिर्फ 4 गेंदें फेंकी थी, लेकिन अगर इस बार दोनों के बीच मुकाबला ज्यादा देर तक चलता है, तो यह काफी दिलचस्प होगा।
पैट कमिंस ने रियान पराग को 14 गेंदों में तीन बार आउट किया है। T20 क्रिकेट में पैट कमिंस के खिलाफ रियान पराग का औसत सिर्फ 4.66 का है। आंकड़ों के हिसाब से देखें तो SRH भी प्रफुल हिंगे की जगह हर्षल पटेल को लाने के बारे में सोच सकती है, जैसा उसने RCB के खिलाफ किया था। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हर्षल पटेल ने 16.3 के औसत से 23 विकेट लिए हैं। हर्षल पटेल ने मुल्लांपुर में 16.63 के औसत से 11 विकेट लिए हैं। उन्होंने भी रियान पराग को तीन बार आउट किया है।
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित XII: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, हर्षल पटेल/प्रफुल हिंगे, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच से जुड़े दिलचस्प आंकड़े
- इशान किशन का पांच प्लेऑफ मैचों में औसत 51.33 है और उनका स्ट्राइक रेट 130.5 है।
- इशान किशन ने IPL की 8 पारियों में रविंद्र जडेजा का सामना किया और 116 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 37 रन ही बनाए।
- T20 क्रिकेट में जोफ्रा आर्चर के खिलाफ इशान किशन का औसत 90 है और स्ट्राइक रेट 150 है।
- RR और SRH पावरप्ले स्कोरिंग में लगभग बराबरी पर हैं। इस साल उनका रन-रेट क्रमशः 11.54 और 11.02 रहा है।
- इस IPL में स्पिन के खिलाफ हेनरिक क्लासेन का प्रदर्शन शानदार रहा है। लेकिन रविंद्र जडेजा के खिलाफ उनका रिकॉर्ड अच्छा नहीं है।
- IPL में रविंद्र जडेजा के खिलाफ हेनरिक क्लासेन का स्ट्राइक रेट सिर्फ 100 का है। जडेजा ने 6 में से एक पारी में उन्हें आउट भी किया।
- T20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का जोफ्रा आर्चर के खिलाफ 177.14 का स्ट्राइक रेट है। हालांकि, इस सीजन जोफ्रा आर्चर ने ही उन्हें आउट किया था।
- T20 क्रिकेट में हर्षल पटेल के खिलाफ दासुन शनाका का स्ट्राइक रेट 238 है। उन्होंने चार पारियों में 62 रन बनाए हैं।
- पैट कमिंस का डेथ-ओवर्स में इकॉनमी रेट सिर्फ 5.66 है, जो इस चरण में दो+ ओवर फेंकने वाले किसी भी गेंदबाज में सबसे बेहतरीन है।
- मुल्लांपुर में आठ में से छह टीमों का कुल स्कोर 200 से ज्यादा रन का रहा है।
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का फुल स्क्वॉड
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, कामिंदु मेंडिंस, जीशान अंसारी, गेराल्ड कोएत्ज़ी, दिलशान मदुशंका, क्रेंस फुलेत्रा, ओंकार तरमाले, आरएस अम्बरीश, अमित कुमार।
राजस्थान रॉयल्स की टीम: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यशराज पुंजा, बृजेश शर्मा, रविंद्र जडेजा, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे, एडम मिल्ने, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, कुलदीप सेन, युद्धवीर चरक, केना मखाका, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, इमानजोत सिंह चहल, विग्नेश पुथुर।


