महामुकाबले के लिए स्टेडियम फुल, भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत पर दूसरे दौर की नजर

0

नई दिल्ली : हॉकी विश्व कप 2026 के अपने आखिरी पूल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा। पिछले एक दशक से पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रही भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि दूसरे दौर में जगह बनाने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इस महामुकाबले से पहले भारतीय टीम को अपने डिफेंस में भी सुधार करना होगा। बुधवार को एम्सटेलवीन के वेगनेर स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। करीब 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के सभी टिकट बिक चुके हैं, जिससे भारत-पाकिस्तान मुकाबले में माहौल बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है।

भारत-पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे से शुरू होगा। भारत में फैंस जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स सेलेक्ट 2 के चैनल पर इसका लुत्फ उठा सकते हैं। अगर अंकतालिका की बात करें तो पूल डी में इंग्लैंड दोनों मैच जीतते हुए शीर्ष पर रहकर दूसरे दौर में पहुंच चुका है। वहीं भारत के एक जीत और एक हार के बाद तीन अंक हैं जबकि इंग्लैंड से 1 -4 से हारने और वेल्स से 3-3 से ड्रॉ के बाद पाकिस्तान एक अंक लेकर तीसरे और वेल्स एक हार , एक ड्रॉ के साथ एक अंक लेकर चौथे स्थान पर है। पाकिस्तान अगर हारता है तो बाहर हो जाएगा जबकि वेल्स को अगले दौर में जाने के लिये इंग्लैंड को काफी बड़े अंतर से हराना होगा, क्योंकि भारत का गोल औसत उससे बेहतर है। अगर भारत दूसरे दौर में जाता है तो इस पूल से उसके कोई अंक आगे नहीं जाएंगे जबकि भारत को हराने के कारण इंग्लैंड तीन अंक लेकर जाएगा।

मौजूदा फॉर्म को देखते हुए आठ बार की ओलंपिक चैंपियन भारतीय टीम का पलड़ा पाकिस्तान के खिलाफ भारी नजर आ रहा है, लेकिन यह मुकाबला सिर्फ कौशल का नहीं बल्कि दबाव और भावनाओं पर नियंत्रण का भी होगा। विश्व कप से ठीक पहले लंदन में एफआईएच प्रो लीग के यूरोप चरण में भारत ने पाकिस्तान को 7-1 और 4-3 से हराया था। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2016 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को शिकस्त दी थी। इसके बाद से दोनों टीमों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखने को मिला है। हाल ही में एफआईएच प्रो लीग में पाकिस्तान को अपने सभी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा और टीम अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रही। ऐसे में भारत के पास अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए विश्व कप के अगले दौर में जगह बनाने का मजबूत मौका है।

विश्व कप में भारत-पाकिस्तान की टक्कर का इतिहास, कौन रहा है भारी?

विश्व कप में भारत और पाकिस्तान की हॉकी टीमों का पिछला मुकाबला 16 साल पहले दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में हुआ था। उस मुकाबले में राजपाल सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ भारत ने इसी मैदान पर 28 साल पहले मिली हार की टीस भी कुछ हद तक मिटाई थी। अब एशिया की दोनों दिग्गज टीमें विश्व कप में 16 साल के लंबे अंतराल के बाद आमने-सामने होने जा रही हैं, जिससे इस मुकाबले का रोमांच और भी बढ़ गया है।

इससे पहले हॉकी के महासमर में दोनों टीमों की टक्कर 2010 में हुई थी जबकि 2014 और 2023 विश्व कप में पाकिस्तान क्वालीफाई नहीं कर सका था और 2018 में दोनों टीमों का सामना नहीं हुआ था। 2010 के विश्व कप मुकाबले से पहले काफी हाइप बन गई थी, क्योंकि 1982 में उसी मैदान पर पाकिस्तान ने एशियाई खेलों के फाइनल में भारत को 7-1 से हराया था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच से पहले भारत के स्टार खिलाड़ी मनप्रीत सिंह ने कहा,”पाकिस्तान से मैच अच्छा होगा लेकिन हम उन्हें कमतर नहीं आंक रहे हैं । उनके पास भी अच्छे ड्रैग फ्लिकर हैं लिहाजा हमें उन्हें पेनल्टी कॉर्नर देने से बचना होगा । इसके अलावा अपने लिये मौके बनाने होंगे और उन्हें भुनाना भी होगा । हमें अपने स्वाभाविक खेल पर ही फोकस करना होगा।”

पाकिस्तान के कप्तान अबु बकर महमूद ने भारत के खिलाफ मुकाबले में अच्छे प्रदर्शन का भरोसा जताया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले में रैंकिंग या पिछला प्रदर्शन ज्यादा मायने नहीं रखता। उनके मुताबिक, मैच के दिन जो टीम बेहतर हॉकी खेलेगी, वही जीत दर्ज करेगी। अबु बकर ने यह भी कहा कि उनकी टीम इस मुकाबले की अहमियत को अच्छी तरह समझती है और जीत के लिए मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here