11 से 19 वर्ष तक के आयु वर्ग और सीनियर महिला-पुरुष वर्ग के मुकाबले होंगे आकर्षण का केंद्र
(NST News) भोपाल. मध्यप्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में भोपाल जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा आगामी 25 से 27 अगस्त 2025 तक राज्य स्तरीय रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह स्पर्धा टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित की जाएगी। भोपाल जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव एस. साबिर अली ने जानकारी दी कि इस स्पर्धा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 300 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता में 11, 13, 15, 17, 19 वर्ष के आयु वर्ग के अलावा सीनियर महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन सचिव बंटी ने बताया कि यह लगातार तीसरे वर्ष है जब भोपाल जिला संघ इस राज्य स्तरीय रैंकिंग स्पर्धा का सफल आयोजन कर रहा है। टूर्नामेंट के तीनों दिन खिलाड़ियों के बीच रोचक और कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। विशेष बात यह है कि इस बार प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं, जिससे स्पर्धा का स्तर और रोमांच और बढ़ जाएगा।


