मुंह ढककर खेल पर सख्त कार्रवाई, फीफा ने रेड कार्ड नियम में किया बड़ा बदलाव

0

वैंकूवर : विश्व फुटबॉल की नियम निर्धारक संस्था इंटरनेशनल फुटबॉल एसोसिएशन बोर्ड (IFAB) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए नया नियम मंजूर किया है। इसके तहत अब अगर कोई खिलाड़ी विरोधी खिलाड़ी से बहस के दौरान अपना मुंह ढककर बात करता है, तो उसे सीधे रेड कार्ड दिखाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह निर्णय वैंकूवर में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। नया नियम 11 जून से शुरू होने वाले विश्व कप 2026 में लागू होगा।

विनीसियस जूनियर विवाद के बाद IFAB का बड़ा फैसला, नया नियम लागू

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह नियम उस विवाद के बाद सामने आया है जिसमें रियल मैड्रिड स्टार विनीसियस जूनियर ने फरवरी में चैंपियंस लीग मैच के दौरान बेनफिका के जियानलुका प्रेस्टियानी पर मुंह ढककर नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। इस मामले में यूईएफए ने प्रेस्टियानी पर छह मैचों का प्रतिबंध लगाया था। अगर वह अर्जेंटीना की विश्व कप टीम में चुने जाते हैं, तो उन्हें शुरुआती मैचों से बाहर रहना पड़ सकता है।

IFAB का सख्त संदेश

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईएफएबी ने अपने बयान में कहा, ‘किसी विरोधी खिलाड़ी के खिलाफ बहस के दौरान मुंह ढकने वाले किसी भी खिलाड़ी को लाल कार्ड से दंडित किया जा सकता है।’ इस बयान के बाद साफ हो गया है कि फुटबॉल में अब गुप्त बातचीत या अपमानजनक टिप्पणी छिपाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मैदान छोड़ने पर भी अब होगी कड़ी सजा

आईएफएबी ने एक और बड़ा नियम लागू किया है। अब यदि कोई खिलाड़ी रेफरी के फैसले के विरोध में मैदान छोड़ता है, तो उसे भी लाल कार्ड दिखाया जा सकता है। यह नियम टीम अधिकारियों पर भी लागू होगा। यानी अगर कोई कोच या अधिकारी खिलाड़ियों को मैदान छोड़ने के लिए उकसाता है, तो उस पर भी कार्रवाई होगी।

पीले कार्ड नियम में बड़ा बदलाव, IFAB ने किया नया अपडेट

फीफा ने विश्व कप 2026 के लिए पीले कार्ड नियमों में भी राहत दी है। अब ग्रुप स्टेज में मिला एक पीला कार्ड नॉकआउट दौर में लागू नहीं होगा। इसी तरह क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने पर भी पुराने कार्ड रिकॉर्ड से हट जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फीफा ने कहा, ‘फीफा परिषद ने फीफा विश्व कप 2026 के नियमों में संशोधन किया है, जिसके अनुसार ग्रुप चरण में मिला एक पीला कार्ड नॉकआउट चरण में मान्य नहीं होगा। इसी तरह क्वार्टर फाइनल में मिला एक पीला कार्ड अगले मैचों के लिए मान्य नहीं होगा।’

खिलाड़ियों और फैंस दोनों के लिए नया नियम फायदेमंद साबित होगा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इन बदलावों का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि स्टार खिलाड़ी छोटे-छोटे उल्लंघनों की वजह से बड़े मुकाबलों से बाहर नहीं होंगे। इसके साथ ही मैदान पर अनुशासन और बेहतर होने की उम्मीद है। विश्व कप 2026 में अब सिर्फ गोल ही नहीं, बल्कि नए और सख्त नियम भी चर्चा का अहम विषय बनेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here