थॉमस कप फाइनल: लक्ष्य सेन को ली शि फेंग से करारी हार, भारत 0-1 से पीछे

0

नई दिल्ली : लक्ष्य सेन दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी ली शि फेंग के खिलाफ कड़ा मुकाबला करने के बावजूद तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मैच में हार गए, जिससे भारत बुधवार को थॉमस कप फाइनल्स के ग्रुप ए के आखिरी मुकाबले में चीन से 0-1 से पीछे हो गया। लक्ष्य ने पिछले महीने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में ली शि फेंग को हराया था, लेकिन इस बार वह निर्णायक गेम में वही लय कायम नहीं रख सके और 19-21, 21-8, 12-21 से मुकाबला गंवा बैठे।

अब भारत दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के जरिए मुकाबले को बराबर करने की कोशिश करेगा। इनका सामना दुनिया की पांचवें नंबर की जोड़ी लियांग वेई केंग और वांग चांग से होगा। बाकी मैचों में आयुष शेट्टी का सामना वेंग होंग यांग से होगा जबकि हरिहरन अमसकारुनन और एमआर अर्जुन की युगल जोड़ी ही जी टिंग और रेन जियांग यू की जोड़ी से भिड़ेगी।

लक्ष्य 3-6 से पीछे चल रहे थे, उन्होंने क्रॉस कोर्ट स्लाइस और तेज स्मैश के बाद ली के शॉट के बाहर जाने से वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार स्मैश लगे जिसके बाद ली ने 10-8 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक बढ़त बनाए रखी। ब्रेक के बाद लक्ष्य ने 14-13 से आगे निकल गए। लेकिन मुकाबला बेहद कड़ा हो गया और दोनों खिलाड़ी 19-19 पर बराबरी पर आ गए। इसके बाद ली ने लगातार दो निर्णायक अंक हासिल करते हुए पहला गेम जीत लिया।

दूसरा गेम पूरी तरह लक्ष्य सेन के पक्ष में रहा। ली शि फेंग की लगातार गलतियों का फायदा उठाते हुए भारतीय खिलाड़ी ने तेज शुरुआत की और 5-0 से आगे निकल गए। इसके बाद उन्होंने बढ़त को 11-2 तक पहुंचाया और लगातार दबाव बनाकर मुकाबले को निर्णायक तीसरे गेम तक ले गए। तीसरे गेम में लक्ष्य शुरुआत में 1-4 से पीछे थे, लेकिन शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। हालांकि ब्रेक तक ली ने लक्ष्य की कुछ गलतियों का फायदा उठाकर बढ़त बना ली। 10-12 के स्कोर पर लक्ष्य ने सटीक क्रॉस कोर्ट रिटर्न के साथ लंबी रैली जीतकर मुकाबले को रोमांचक बनाया। इसके बाद स्मैश में हुई चूकों का फायदा उठाते हुए ली ने फिर से नियंत्रण हासिल किया और बढ़त 17-12 तक कर ली। चीनी खिलाड़ी ने जल्द ही आठ मैच प्वाइंट हासिल किए और शानदार क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here