ईरानी कप में दमदार प्रदर्शन, मुकेश कुमार की टीम इंडिया में वापसी संभव

0

नई दिल्ली : ईरानी कप में शानदार प्रदर्शन के बाद तेज गेंदबाज मुकेश कुमार की भारतीय टीम में वापसी की संभावना बढ़ गई है। उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में मौका मिल सकता है। वहीं, बंगाल के तेज गेंदबाज आकाशदीप का 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम में चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। पीठ की चोट से उबरने के बाद आकाशदीप ने ईरानी कप में शानदार वापसी की और अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार गौतम गंभीर की अगुआई वाली टीम मैनेजमेंट को लगता है कि न्यूजीलैंड दौरे पर आकाशदीप अहम होंगे। मैनेजमेंट यह भी चाहता है कि चयनकर्ता 32 साल के तेज गेंदबाज मुकेश पर भी विचार करें। मुकेश ने जुलाई 2023 में इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद से 12 महीनों में तीन टेस्ट, छह वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।

मुकेश-आकाश के प्रदर्शन पर गंभीर की नजर

श्रीनगर में रविवार (4 अक्टूबर) को ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया को पिछड़ने के बाद शानदार जीत दिलाने में मदद करने वाले बंगाल के दो तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन पर हेड कोच गौतम गंभीर ने बारीकी से नजर रखी। उम्मीद है कि वह प्रज्ञान ओझा की अगुआई वाली चार सदस्यीय चयन समिति को अपनी राय देंगे।

बुमराह-सिराज के साथ बरार भी टीम में होंगे शामिल

आकाश ने मैच में छह विकेट लिए। वहीं मुकेश ने आठ विकेट लिए और रेस्ट ऑफ इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार के साथ-साथ इन दो अनुभवी तेज गेंदबाजों को भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकल के लिए महत्वपूर्ण दो टेस्ट मैचों के लिए 16 या 17 सदस्यों वाली रेड-बॉल टीम में शामिल किया जा सकता है।

टीम इंडिया में प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी संभव

यह भी संभावना है कि प्रसिद्ध कृष्णा को न्यूजीलैंड दौरे पर चुना जाए। लंबे-कद वाले तेज गेंदबाज को हुई हैमस्ट्रिंग की हालिया चोट को बहुत गंभीर नहीं माना जा रहा है कि उन्हें दौरे से बाहर कर दिया जाए। वैसे भी ये दो टेस्ट मैच 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक चलने वाले दौरे के आखिर में खेले जाएंगे।

प्रज्ञान ओझा बने चयनकर्ताओं के अंतरिम अध्यक्ष

इस दौरे में दो टेस्ट मैचों के अलावा पांच टी20 और पांच वनडे मैच भी खेले जाएंगे। उम्मीद है कि प्रसिद्ध कम से कम टेस्ट सीरीज से पहले ठीक हो जाएंगे। इस बीच रविवार (4 अक्टूबर) को मुख्य चयनकर्ता के तौर पर अजीत अगरकर का कार्यकाल आधिकारिक तौर पर खत्म हो गया। प्रज्ञान ओझा अंतरिम अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। अगले हफ्त चयन समिति की बैठक हो सकती है, जिसमें न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम चुनी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here