IND vs WI: वनडे में 239 रन ठोकने वाले आमिर जंगू अब T20I में दिखाएंगे दम

0

नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के विकेटकीपर-बल्लेबाज आमिर जंगू को भारत के खिलाफ आगामी मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है। उन्हें ज्वेल एंड्रयू के कवर के तौर पर टीम में बुलाया गया है, जिन्हें शनिवार (3 अक्टूबर) को भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान उंगली में चोट लग गई थी। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने सोमवार (5 अक्टूबर) को जारी बयान में बताया कि एंड्रयू को 5 मैचों की टी20 सीरीज से बाहर नहीं किया गया है। मेडिकल टीम उनकी चोट की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और जरूरी जांच कर रही है। वहीं, एहतियात के तौर पर आमिर जंगू को टीम में शामिल किया गया है।

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में जंगू शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने नाबाद 58, 114 और 67 रन बनाए और सबसे ज्यदा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर रहे। उनके कुल 239 रन केवल शुभमन गिल (334) और शाई होप (278) से ही कम थे। यही कारण है कि मुख्य रूप से लंबे फॉर्मेट के खिलाड़ी माने जाने वाले 29 साल के जंगू को मौका मिला।

वेस्टइंडीज के लिए 7 टी20 मैच खेल चुके हैं जंगू

दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद से जंगू ने वेस्टइंडीज के लिए सात टी20 मैच खेले हैं। इन मैचों में बल्ले से उनका प्रदर्शन औसत रहा है। उन्होंने 120.74 के स्ट्राइक रेट से 163 रन बनाए हैं। 34 टी20 मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 104.25 रहा है, जो काफी कम है। हालांकि, सितंबर में सीपीएल 2026 का खिताब जीतने वाली एंटीगुआ और बारबुडा फाल्कन्स की टीम में उन्होंने अहम भूमिका निभाई और कुल 213 रन बनाए, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट तब भी काफी कम (107.57) ही रहा।

खिताबी मुकाबले में जंगू ने खेली सबसे अहम पारी

सीपीएल 2026 में जंगू की सबसे अहम पारी खिताबी मुकाबले में आई। उन्होंने 34 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने चार चौके और तीन छक्के जड़े और फाल्कन्स ने जमैका किंग्समेन को आठ विकेट से हराया। 19 साल के एंड्रयू पहले वनडे में पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। दूसरे मैच में बाहर रहने के बाद तीसरे मैच में प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई।

उंगली की चोट से जूझ रहे हैं एंड्रयू

कवर के पास रिंग के अंदर नमन धीर का कैच पकड़ते समय एंड्रयू की उंगली में चोट लग गई और उन्हें तुरंत स्कैन के लिए अस्पताल जाना पड़ा। अच्छी बात यह रही कि उंगली में फ्रैक्चर नहीं है। हालांकि, वेस्टइंडीज की सफल चेज के दौरान उन्होंने बैटिंग नहीं की। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी20 मैच मंगलवार (6 अक्टूबर) को लखनऊ में खेला जाएगा। इसके बाद रांची (9 अक्टूबर), इंदौर (11 अक्टूबर), हैदराबाद (14 अक्टूबर) और बेंगलुरु (17 अक्टूबर) में मैच होंगे।

वेस्टइंडीज टी20 टीम

शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, अकील होसेन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोटी, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर, आमिर जंगू।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here