एनएसटी न्यूज, भोपाल। व्हीलचेयर और अस्थिबाधित क्रिकेट टूर्नामेंट अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। खिलाड़ियों के जोश और जज्बे ने पूरे आयोजन को खास बना दिया। व्हीलचेयर क्रिकेट में भारत और श्रीलंका फाइनल में भिड़ेंगे, जबकि अस्थिबाधित महिला क्रिकेट में महाराष्ट्र और झारखंड ने खिताबी जगह तय कर ली है। बुधवार को हुए मुकाबलों में महाराष्ट्र ने शानदार शुरुआत की। टीम ने 10 ओवर में 79 रन बनाकर राजस्थान को 34 रन से हराया।

जयश्री नकाते सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं। दूसरे मैच में झारखंड ने 54 रन बनाए, जिसका पीछा करते हुए मध्य प्रदेश की टीम ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की। बाद में झारखंड ने राजस्थान को 10 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में पुष्पा मिंज का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। चौथे मुकाबले में मेजबान मध्य प्रदेश 59 रन पर सिमट गया। महाराष्ट्र ने लक्ष्य 8 विकेट से हासिल किया। दीक्षा साल्वे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गईं। खेल संचालक राकेश गुप्ता और हेमंत तिवारी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके जज़्बे की प्रशंसा की। उमंग गौरवदीप वेलफेयर सोसाइटी की सचिव दीप्ति पटवा ने अतिथियों का स्वागत किया। आज की डायमंड रिंग नरेंद्र पाटीदार के नाम रही, जिसे एमजी ज्वेलर्स प्रदान करेगा।

