नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ शुक्रवार (9 अक्टूबर) को खेले जा रहे दूसरे अनाधिकारिक वनडे में इंडिया ए का शीर्ष क्रम बुरी तरह लड़खड़ा गया। 276 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने महज 30 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए। देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़ और साई सुदर्शन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और जल्दी ही पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के कारण इंडिया ए पर दबाव बढ़ गया है और टीम को मुकाबले में वापसी के लिए मजबूत साझेदारी की जरूरत है।
इंडिया ए को पहला झटका पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर लगा। देवदत्त पडिक्कल को स्पेंसर जॉनसन ने तनवीर संघा के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 10 गेंद पर 1 रन बनाए। अगला विकेट छठे ओवर की छठी गेंद पर लगा। तब इंडिया ए का स्कोर 26 रन था। ऋतुराज गायकवाड़ को रिले मैरिडिथ ने स्पेंसर जॉनसन के हाथों कैच कराया। उन्होंने 5 गेंद पर 3 चौके की मदद से 12 रन बनाए।
इंडिया ए की खराब शुरुआत, 30 रन पर गिरे 3 विकेट
इंडिया ए को तीसरा झटका 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर लगा। तब इंडिया ए का स्कोर 30 रन था। साई सुदर्शन 29 गेंद पर 1 चौके की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 49.5 ओवर में 275 रन बनाए। मेहमान टीम के लिए सैम कोंस्टास और जोश फिलिप ने अर्धशतक जड़े।
पहले वनडे में भी फ्लॉप रहे थे सुदर्शन, पडिक्कल और गायकवाड़
पहले वनडे में भी तीनों खिलाड़ियों का बल्ला नहीं चला था। साई सुदर्शन 1, देवदत्त पडिक्कल 0 और ऋतुराज गायकवाड़ 30 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हुए थे। इंडिया ए वह मैच 125 रनों से हार गई थी। 275 रनों के लक्ष्य के जवाब में इंडिया ए 31.4 ओवर में 149 रन पर आउट हो गई थी।


