नई दिल्ली : भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रच दिया। वह भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अपने पहले ही वर्ल्ड कप में टीम को चैंपियन बनाते हुए उन्होंने एमएस धोनी की बराबरी की और इस उपलब्धि के साथ रोहित शर्मा से भी आगे निकल गए। फाइनल मुकाबले के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने अपने रिटायरमेंट को लेकर भी साफ जवाब दिया।
गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था, जिसके बाद टीम में नई पीढ़ी को मौका मिला। ऐसे में सूर्या के भविष्य को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि कप्तान ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए साफ किया कि उनका ध्यान फिलहाल टीम के साथ आगे भी अच्छा प्रदर्शन करने और भारत को और बड़े टूर्नामेंट जिताने पर है।
टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद कप्तान सूर्या ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने संन्यास से जुड़े सवाल पर हंसते हुए कहा,”भाई क्यों रिटायरमेंट के बारे में सोचना है। सबकुछ ठीक तो चल रहा है।” वहीं इस दौरान उन्होंने अपने आगे के प्लान और फोकस पर भी बात की। कप्तान सूर्या ने साफ कर दिया कि आगे अब उनकी नजरें सबसे जरूरी ओलंपिक मेडल पर हैं। साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2028 के ऊपर भी उनकी निगाहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए। दोनों ने मीडिया के कई सवालों का जवाब दिया। कप्तान ने अपना फ्यूचर प्लान साफ किया कि वह कहीं नहीं जा रहे हैं। उनकी नजरें ओलंपिक और अगले वर्ल्ड कप पर हैं। वहीं संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती को लेकर भी उन्होंने ढेर सारी बातें कीं।
जीत के बाद भावुक हुए सूर्या, माथे पर लगाई पिच की मिट्टी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल में जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव भावुक नजर आए। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताब जीतने के बाद उन्होंने पिच की मिट्टी को माथे से लगाया और फिर अपने हाथ को चूमते हुए उस पल को खास बना दिया। यह दृश्य जीत की खुशी और मैदान के प्रति उनके सम्मान को दर्शा रहा था। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद कप्तान रोहित शर्मा को बारबाडोस की पिच की मिट्टी को खाते हुए देखा गया था। अब सूर्यकुमार यादव ने भी कुछ वैसा ही अंदाज दिखाते हुए इस ऐतिहासिक जीत को यादगार बना दिया।

