हार्ट सर्जरी के बाद यश ढुल ने फिर संभाला बल्ला, नई पारी की तैयारी

0

नई दिल्ली। यश ढुल के लिए पिछले एक साल किसी रोलरकोस्टर से कम नहीं रहा। जून 2024 में ढुल को पता चला कि उनके दिल में 17 मिलीमीटर का छेद है। इसके बाद सर्जरी हुई और कई महीनों तक उन्हें बिस्तर पर ही रहना पड़ा। अगस्त 2024 में उन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में वापसी की कोशिश की, लेकिन बढ़ते ब्लड प्रेशर और तेज़ दिल की धड़कन के कारण उन्हें कप्तानी और लीग दोनों छोड़नी पड़ी। यह समय ढुल के लिए बेहद कठिन रहा, लेकिन परिवार, डॉक्टर और कोचों का समर्थन उन्हें लगातार प्रेरित करता रहा।

ठीक एक साल बाद ढुल ने DPL 2025 में दमदार वापसी की। छह पारियों में तीन बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 121.33 की औसत और 172.51 के स्ट्राइक रेट से दो शतक और दो अर्धशतक बनाए, कुल 364 रन कर रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। इस प्रदर्शन ने उनके आत्मविश्वास और मेहनत को साबित किया। इसके अलावा उनका चयन 28 अगस्त से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी के लिए भी हुआ है, जहां वह नॉर्थ ज़ोन की ओर से खेलेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर फिर से अपनी पकड़ बनाने का प्रयास करेंगे।

ढुल ने कहा कि सर्जरी के बाद शुरुआती दौर बेहद मुश्किल था। “सर्जरी के एक महीने तक मैं बिस्तर पर ही था। जब मैंने धीरे-धीरे मैदान पर वापसी की, तो थोड़ा सा दौड़ने पर ब्लड प्रेशर और दिल की धड़कन बहुत बढ़ जाती थी। दवाओं के कारण नींद अधिक आती और शरीर धीमा हो जाता था। इस वजह से मुझे DPL से हटना पड़ा और फिर से फिटनेस हासिल करने में समय लगा।” उन्होंने बताया कि रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की तरफ़ से सभी सात मैच खेलते हुए 444 रन बनाना और दो शतक जमाना उनके लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला अनुभव था। तमिलनाडु के खिलाफ उनका शतक उन्हें नई शुरुआत का अहसास दिलाने वाली पारी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here