T20 World Cup: सैम करन के भाई जिम्बाब्वे टीम में शामिल, आयरलैंड स्क्वाड में बदलाव

0

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे को बड़ा झटका लगा है। अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ग्रुप मैच के दौरान लगी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। 40 वर्षीय टेलर 9 फरवरी को ओमान के खिलाफ मैच में रिटायर्ड हर्ट हुए और लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। जिम्बाब्वे ने यह मैच आठ विकेट से जीता था, लेकिन टेलर की चोट की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

जिम्बाब्वे के अलावा आयरलैंड की टीम में भी बदलाव हुआ है। कप्तान पॉल स्टर्लिंग घुटने की चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में स्टर्लिंग कैच लेने के प्रयास में चोटिल हुए थे। सैम टॉपिंग को उनकी जगह आयरलैंड की टीम में मौका मिला। आईसीसी की इवेंट टेक्निकल कमिटी ने जिम्बाब्वे की टीम में टेलर की जगह बेन करन और आयरलैंड की टीम में स्टर्लिंग की जगह टॉपिंग को शामिल करने की अनुमति दे दी है।

पिता की तरह जिम्बाब्वे टीम के लिए खेलते हैं बेन करन

बेन करन के भाई सैम करन और टॉम करन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करते हैं। करन परिवार के डीएनए में क्रिकेट बसी हुई है। बेन के पिता केविन मैल्कम करन और दादा केविन पैट्रिक करन भी क्रिकेटर रहे हैं। केविन मैल्कम करन जिम्बाब्वे के लिए खेल चुके हैं और 1983 के वर्ल्ड कप में उस ऐतिहासिक मैच का हिस्सा थे, जिसमें कपिल देव ने 175 रनों की यादगार पारी खेली थी।

बेन करन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर

बेन करन के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए 8 टेस्ट और 8 वनडे मैच खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से कुल 495 रन बनाए हैं। वनडे में उनका औसत 48.57 रहा और उन्होंने 340 रन बनाए हैं। अभी तक उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए कोई भी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here