नई दिल्ली : पाकिस्तान की हॉकी टीम के खिलाड़ी कैनबरा पहुंचते ही मुश्किलों का सामना कर रहे थे। होटल की बुकिंग कैंसिल होने के कारण उन्हें कई घंटे सड़क पर बिताने पड़े। यह परेशानी पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन की वित्तीय समस्याओं के कारण हुई, जो समय पर बिल का भुगतान नहीं कर सके। टीम ऑस्ट्रेलिया में होबार्ट में होने वाले एआईएच प्रो लीग इवेंट के दूसरे लेग में हिस्सा लेने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों और अधिकारियों के पास होटल न मिलने के कारण सड़क पर घूमने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीटीआई को पाकिस्तानी हॉकी टीम कि खिलाड़ियों और अधिकारियों की बुकिंग कैनबरा के एक फोर-स्टार होटल में पहले से कर दी गई थी। उन्हें यह भी भरोसा दिया गया था कि पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने उनके ठहरने का पूरा भुगतान पहले ही कर दिया है। लेकिन जब टीम पिछले हफ्ते कैनबरा पहुंची, तो तय होटल में उनके लिए कोई बुकिंग मौजूद नहीं थी। टीम के हेड कोच ताहिर जमान को समय के अंतर और दूरी के कारण पीएसबी और पीएचएफ अधिकारियों से तुरंत संपर्क करने में कठिनाई हुई। ताहिर ने मैसेज के जरिए अधिकारियों को बताया कि खिलाड़ियों को लंबी यात्रा के बाद आराम करने और ठहरने के लिए कोई जगह नहीं मिली और वे अजीब स्थिति का सामना कर रहे हैं।
कई घंटों इंतजार के बाद पाकिस्तानी हॉकी टीम को मिले कमरे
इस घटना को पाकिस्तान के राष्ट्रीय खेल के लिए शर्मिंदगी का बड़ा कारण माना जा रहा है, क्योंकि टीम प्रो लीग के होबार्ट लेग में ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी शीर्ष रैंक वाली टीमों के खिलाफ मुकाबला करने के लिए तैयार थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कई घंटों तक बाहर इंतजार करने के बाद, होटल मैनेजमेंट आखिरकार मान गया और खिलाड़ियों को कुछ कमरे उपलब्ध कराए गए।
कई खिलाड़ी एक ही कमरे में ठहरे
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पर्याप्त कमरे न होने के कारण खिलाड़ियों और अधिकारियों को कम कमरों में ठहराया गया। इस वजह से दो-तीन खिलाड़ी एक ही कमरे में ठहरे और अगले दिन सीधे मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मैच खेलने पहुंचे, जिसमें टीम 2-3 से हार गई। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ी ऐसे हालात का सामना कर रहे हैं। अर्जेंटीना में हुए एफआईएच प्रो लीग के पहले फेज के दौरान भी खिलाड़ियों को उनके रोजाना भत्ते नहीं दिए गए थे, जिससे वे विदेश में मुश्किल परिस्थितियों में पड़ गए थे।
मैनेजर के बिना ऑस्ट्रेलिया गई पाकिस्तानी हॉकी टीम
पाकिस्तानी हॉकी टीम के मैनेजर और पूर्व ओलंपियन अंजुम सईद को पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने हटा दिया था और इस बार उन्हें टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा गया। इसके कारण टीम कैनबरा में बिना मैनेजर के ही पहुंची। अंजुम सईद को तब हटाया गया था जब वह घर लौटते समय फ्लाइट में धूमपान करते हुए पकड़े गए और एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों के साथ उनकी बहस हुई, जिसके चलते उन्हें एक दिन के लिए रोका गया। इसके बाद टीम ने अपनी आगे की यात्रा दुबई और लाहौर के लिए फिर से शुरू की।
प्रो लीग में पाकिस्तान ने अब तक खेले सभी छह मैच गंवाए
टीम के कैनबरा रवाना होने से पहले Pakistan Sports Board ने हर खिलाड़ी के लिए डेली अलाउंस बढ़ाकर 115 अमेरिकी डॉलर कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कैनबरा में कुछ स्थानीय पाकिस्तानी लोगों ने खिलाड़ियों की मदद की, जब उन्होंने सड़क पर समय बिताने के बाद होटल में रहने का इंतजाम किया। इस बीच, प्रो लीग में पाकिस्तान हॉकी टीम अब तक खेले गए सभी छह मैचों में हार का सामना कर चुकी है।


