क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बास्केटबॉल और योग जैसी प्रतियोगिताएं हुई प्रारंभ
भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) में 22 से 24 अक्टूबर तक तीन दिवसीय टैगोर खेल-कला-विज्ञान पर्व आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत टैगोर खेल पर्व के अंतर्गत 17वें इंटर स्कूल स्पोर्ट्स कार्निवाल के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन में रायसेन, मंडीदीप, औबेदुल्लागंज और भोपाल के 50 से अधिक स्कूलों के लगभग 1200 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए हैं।
आज से प्रारंभ हुए खेल पर्व में बालक बालिका वर्ग में क्रिकेट (टेनिस बॉल), फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बास्केटबॉल और योग जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को एक बेहतर प्लेटफार्म मिल रहा है। साथ ही, टीम भावना, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय का यह आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। स्कूली बच्चों की भागीदारी से उन्हें विश्वविद्यालय स्तर की खेल गतिविधियों को समझने और दूसरे प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वात्स ने कहा, “खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित मंच मिले।”


कुलपति डॉ. आर.पी. दुबे ने कहा, “शिक्षा के साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।” रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने कहा, “स्कूली बच्चों की भागीदारी इस आयोजन को और व्यापक बनाती है। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।” टैगोर पर्व का समापन 24 अक्टूबर को होगा। विनर और रनरअप बनने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।


