भोपाल: भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित अंडर-15 इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। शहर के विभिन्न मैदानों पर खेले गए रोमांचक मुकाबलों में सिली पॉइंट,कैप एकेडमी, एनसीसीसी, होप क्रिकेट एकेडमी और ओएफसीए एकेडमी ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
टूर्नामेंट के अंतर्गत खेले गया आज का पहला मैच सिली पॉइंट बनाम भोपाल लेपर्ड्स (डीपीएस ग्राउंड)
डीपीएस ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में सिली पॉइंट ने भोपाल लेपर्ड्स को 5 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए सिली पॉइंट ने अनुशासित प्रदर्शन किया और भोपाल लेपर्ड्स की पूरी टीम को 47.3 ओवर में 143 रनों पर समेट दिया। भोपाल लेपर्ड्स की ओर से आद्यंत तिवारी ने नाबाद 30 और अयान थरवानी ने 26 रन बनाए। सिली पॉइंट के लिए गेंदबाजी में युग रघुवंशी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि सार्थक सोंधिया, नैतिक शर्मा, कार्तिकेय शर्मा और नकुल शर्मा को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिली पॉइंट की टीम ने 40 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। युग रघुवंशी ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 70 रन और नैतिक शर्मा ने 39 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। भोपाल लेपर्ड्स की ओर से आराध्य साहनी ने 2 विकेट अपने नाम किए। मैच से पूर्व भोपाल लेपर्ड्स और एचएमजी स्पोर्टस के मालिक अभिषेक गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अन्य मैच : कैप एकेडमी बनाम बिल्टअप स्पोर्ट्स (कैप ग्राउंड)
कैप ग्राउंड पर खेले गए मैच में कैप एकेडमी ने बिल्टअप स्पोर्ट्स को 165 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए कैप एकेडमी ने निर्धारित 50 ओवरों में सभी विकेट खोकर 187 रन बनाए। टीम की ओर से उदित सिंह ने सर्वाधिक 75 और रिशु गोंड ने 20 रन जोड़े। बिल्टअप स्पोर्ट्स की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए अथर्व साहू और अंश रघुवंशी ने 3-3, रयांश ने 2 और अक्षत ने 1 विकेट हासिल किया।
जवाबी पारी खेलने उतरी बिल्टअप
स्पोर्ट्स की पूरी टीम कैप एकेडमी की धारदार गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और मात्र 22 रनों पर ढेर हो गई। टीम की ओर से केवल अंश रघुवंशी ही दहाई का आंकड़ा छू सके। कैप एकेडमी की ओर से अनंत पाटीदार ने ऐतिहासिक गेंदबाजी करते हुए मात्र कुछ रन देकर 8 विकेट झटके, जबकि रिशु गोंड को 2 सफलताएं हाथ लगीं।
एनसीसीसी बनाम फेथ क्रिकेट क्लब (सेंचुरियन क्रिकेट ग्राउंड)
सेंचुरियन क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में एनसीसीसी ने फेथ क्रिकेट क्लब को 7 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फेथ क्रिकेट क्लब ने 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए। टीम के लिए अभिनव रघुवंशी ने 56 और शशांक ने 39 रनों की अर्धशतकीय एवं उपयोगी पारियां खेलीं। एनसीसीसी की ओर से शिवांक जोशी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि हैदर अली, भूपेंद्र और सिविल मारन को 1-1 सफलता प्राप्त हुई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनसीसीसी की टीम ने 36.3 ओवरों में मात्र 3 विकेट खोकर 156 रन बनाए और आसानी से मुकाबला अपने नाम किया। फेथ की ओर से अमोक चौकसे ने 2 और उत्सव ने 1 विकेट लिया।
एस (Ace) बनाम होप क्रिकेट एकेडमी (बाबे अली मैदान)
बाबे अली मैदान पर खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में होप क्रिकेट एकेडमी ने एस (Ace) को 4 विकेट से पराजित किया। एस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 46.5 ओवर में 10 विकेट पर 150 रन बनाए। टीम के लिए सर्वे कामली ने 32, अयान खान ने 24, कुशवंत सिंह ने 22 और आरव जादव ने 20 रनों का योगदान दिया। होप की ओर से गेंदबाजी में यश शर्मा ने 3, ऋषभ ने 2 और अथर्व पांडे, अथर्व द्विवेदी तथा प्रज्ञांश ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी होप क्रिकेट एकेडमी ने 48 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की तरफ से यश ज्यानी ने 48 और मेधांश उइके ने 31 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई। एस की ओर से बुरहानुद्दीन ने 2 विकेट प्राप्त किए।
ओएफसीए एकेडमी बनाम ग्रैविटॉन (ओएफसीए ग्राउंड)
ओएफसीए ग्राउंड पर खेले गए एक अन्य संघर्षपूर्ण मुकाबले में ओएफसीए एकेडमी ने ग्रैविटॉन को 23 रनों से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ओएफसीए की टीम 43.4 ओवर में 130 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से रानक शर्मा ने 27 और गोविंद शर्मा ने 22 रनों का योगदान दिया। ग्रैविटॉन की तरफ से अभिराज ने 4, आयात खान ने 3 और कार्तिक शर्मा ने 2 विकेट चटकाकर उम्दा गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रैविटॉन की पूरी टीम दबाव में बिखर गई और 107 रनों पर ही ढेर हो गई। टीम के लिए गौरव लोधी ने 16, देवांश ने 15 और गौरव ने 15 रन बनाए। ओएफसीए की ओर से अनुशासित गेंदबाजी करते हुए माज ने 3, गोविंद ने 2, तथा दक्ष और हर्षित ने 1-1 सफलता प्राप्त कर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई।


