नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी का नाम आईपीएल 2026 में छाया हुआ है। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से जो धमाल मचाया है, उसने सभी को प्रभावित कर दिया है। उनकी पावर हिटिंग और आत्मविश्वास को देखकर कई भारतीय पूर्व क्रिकेटर उनके मुरीद बन चुके हैं। वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे मौजूदा दिग्गज भी उनकी खुलकर तारीफ कर रहे हैं। इस सीजन वैभव ने जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, जोश हेजलवुड, मैट हेनरी और कगिसो रबाडा जैसे खतरनाक गेंदबाजों के खिलाफ शानदार रन बनाए हैं। इसी प्रदर्शन को लेकर इरफान पठान ने भी बड़ा बयान दिया है, जिसमें उन्होंने वैभव की बल्लेबाजी और उनकी सोच की जमकर सराहना की है।
बड़े गेंदबाजों पर फोकस कर वार करता है
आपको बता दें कि वैभव सूर्यवंशी खुद लगातार यह बात लगातार दोहरा रहे हैं कि वह गेंदबाज को नहीं गेंद को देखते हुए मारते हैं। मगर उन्होंने जिस तरह हर धाकड़ गेंदबाज पर चौके-छक्के लगाए हैं, उसे देख इरफान पठान ने अपनी एक नई थ्योरी बताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा है कि, “वैभव बड़े बॉलर्स को जानबूझकर टारगेट करता है। इसी बीच हरभजन सिंह उनके वीडियो में आकर कहते हैं कि, “बड़े बॉलर्स कब उनको (वैभव को) टारगेट करेंगे।”
कोहली ने वैभव को दिया यादगार तोहफा
आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी आमने-सामने नजर आए, जहां राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी को 6 विकेट से हराया। इस मैच में 15 वर्षीय वैभव ने 26 गेंदों पर तूफानी 78 रन की शानदार पारी खेलकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मुकाबले के बाद विराट कोहली ने इस युवा बल्लेबाज की तारीफ करते हुए उन्हें खास गिफ्ट दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने वैभव की कैप पर साइन करते हुए “Dear Vaibhav Well Done” लिखकर उनका हौसला बढ़ाया। इस खास पल का वीडियो राजस्थान रॉयल्स ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर शेयर किया, जिसमें वैभव भी नजर आए और यह मोमेंट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया।
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का जलवा
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी बल्लेबाजी का जबरदस्त जलवा दिखाया है। उन्होंने 4 मैचों की 4 पारियों में 200 रन ठोककर सबको प्रभावित किया है। इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनते हुए उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार खास बात यह रही कि उन्होंने सीएसके और आरसीबी के खिलाफ सिर्फ 15-15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। अब तक उनके खाते में 18 चौके और 18 छक्के दर्ज हैं, जो उनकी आक्रामक और दमदार बल्लेबाजी को साफ दर्शाता है।


