नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 17वां लीग मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने शानदार 74 रन की पारी खेली, जबकि ट्रैविस हेड ने 38 और हेनरिक क्लासेन ने 39 रन बनाए। पंजाब किंग्स की गेंदबाजी में शशांक सिंह और अर्शदीप सिंह ने 2-2 विकेट झटके, वहीं जेवियर बार्टलेट को 1 सफलता मिली।
दोनों टीमों ने अभी तक इस सीजन में 3-3 मुकाबले खेले हैं, जिसमें पंजाब किंग्स का प्रदर्शन काफी बेहतर देखने को मिला है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेल रही पंजाब किंग्स ने 3 में से दो मुकाबलों में जहां जीत हासिल की है तो वहीं एक मैच बारिश के चलते रद्द रहा है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद टीम को लेकर बात की जाए तो उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ एक मुकाबले को अपने नाम किया है और दो मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में उनके लिए ये मुकाबला काफी अहम रहने वाला है।
सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल में पंजाब किंग्स के खिलाफ अब तक का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 24 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से सनराइजर्स हैदराबाद ने 17 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि पंजाब किंग्स सिर्फ 7 मैच जीत सकी है। पिछले 6 मुकाबलों की बात करें तो भी हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है, जिसमें उन्होंने 5 मैचों में जीत हासिल की है और पंजाब किंग्स केवल 1 मुकाबला जीत पाई है। हालांकि इस सीजन में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन काफी बेहतर नजर आ रहा है और वह 5 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 2 अंकों के साथ छठे स्थान पर है।
PBKS vs SRH: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
सनराइजर्स हैदराबाद – ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा
पंजाब किंग्स – प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यान्सन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
यहां पर देखिए दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर लिस्ट
पंजाब किंग्स – नेहल वढेरा, विष्णु विनोद, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर, हरप्रीत बरार।
सनराइजर्स हैदराबाद – जयदेव उनादकट, लियम लिविंगस्टन, शिवम मावी, प्रफुल्ल हिंगे, कामेंदु मेंडिस।


