एनएसटी न्यूज, भोपाल: प्रथम अंडर-12 निखिल कुशवाह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को रेलवे ग्राउंड, भोपाल में खेला गया। खिताबी मुकाबले में विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी ने रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी को एकतरफा अंदाज में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मैच में टॉस जीतकर रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में 169 रन बनाए। टीम की ओर से विनम्र ने 45 रन और मेधांश ने 43 रनों की अहम पारी खेली। रेलवे यूथ की तरफ से मूसा ने 2 विकेट और मान ने 1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी की टीम 22 ओवर में मात्र 72 रन पर ऑलआउट हो गई। रेलवे यूथ के लिए युग सुनिया ने 27 रन और रीतम ने 13 रन बनाए। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी की ओर से कबीर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि हर्षिका और अयांश को 1-1 विकेट मिला।
बेहतरीन गेंदबाजी के लिए कबीर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार रेलवे यूथ क्रिकेट अकादमी के युग सुनिया को मिला। बेस्ट बॉलर का पुरस्कार होप क्रिकेट अकादमी के अर्पित को दिया गया। बेस्ट विकेटकीपर का खिताब रेलवे के राजवीर नगर निवासी गर्वित को मिला। वहीं, मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के विनम्र को प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य रूप से अशोक शर्मा (महामंत्री, पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ), सूर्यकांत गुप्ता (पार्षद, वार्ड क्रमांक 69), आर.के. शर्मा और दीपक मालवीय उपस्थित रहे।


