टीम इंडिया की बढ़ी चिंता, बुमराह-सुदर्शन के बाद इस खिलाड़ी की चोट ने बढ़ाई परेशानी

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों की चोट इन दिनों बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है। लगातार सामने आ रही चोटों के कारण बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन पहले ही श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। वहीं वाशिंगटन सुंदर भी गॉल में 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं और अब उनके दूसरे टेस्ट से भी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।

आपको बता दें कि श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम के चयन के समय ही वाशिंगटन सुंदर को पहले टेस्ट के लिए अनुपलब्ध बताया गया था। सुंदर इंग्लैंड दौरे के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और भारतीय टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस को लेकर किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते। ऐसे में टीम प्रबंधन उनकी पूरी तरह फिटनेस सुनिश्चित करने के बाद ही मैदान पर उतारना चाहता है। यही वजह है कि सुंदर के दूसरे टेस्ट से भी बाहर रहने की संभावना जताई जा रही है।

रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं करेंगे चयनकर्ता!

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस समय वाशिंगटन सुंदर के श्रीलंका जाने की संभावना काफी कम है। टीम मैनेजमेंट को भी इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीति तैयार करने की जानकारी दे दी गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई की मेडिकल टीम सुंदर को टेस्ट मैच खिलाने में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहती। हाल के समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जब चोट से उबरने के बाद खिलाड़ियों ने जल्द वापसी की और दोबारा चोटिल हो गए। इसी वजह से सुंदर की फिटनेस को लेकर पूरी सावधानी बरती जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वाशिंगटन सुंदर को श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने इंग्लैंड में पिछले महीने चोटिल होने के बाद से कोई क्रिकेट नहीं खेला है और ऐसे में उनका वर्कलोड भी टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, चयनकर्ता सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान करने के पक्ष में नहीं हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि सारांश जैन को पहले ही टीम में शामिल किया जा चुका है और वह अभ्यास मैच में भी खेलते नजर आए थे। ऐसे में सुंदर की अनुपस्थिति में टीम के पास विकल्प मौजूद माना जा रहा है।

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत का मौजूदा स्क्वाड

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here