हॉकी वर्ल्ड कप के लिए आज-कल होंगे टीम इंडिया के चयन परीक्षण, बेल्जियम-नीदरलैंड में होगा आयोजन

0

लखनऊ । आगामी हॉकी विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में साई सेंटर बेंगलुरु में 3 और 4 अप्रैल को टीम चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। हॉकी इंडिया की चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों का चयन उनके हालिया प्रदर्शन और फिटनेस के आधार पर ही किया जाएगा, ताकि टूर्नामेंट के लिए सर्वश्रेष्ठ टीम का गठन किया जा सके।

डॉ. आरपी सिंह की निगरानी में ही हॉकी टीम के खिलाड़ियों के चयन ट्रायल होंगे, जिसके बाद संभावितों की सूची जारी की जाएगी। संभावित खिलाड़ी विशेष प्रशिक्षण कैंप में हिस्सा लेने के बाद टूर्नामेंट खेलने जाएंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कमांडर आरके श्रीवास्तव ने प्रदेश के खेल सचिव सुहास एलवाई को पत्र लिखकर डॉ. आरपी सिंह को चार दिन के लिए बतौर निदेशक कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है।

डॉ. आरपी सिंह के चयन समिति के अध्यक्ष रहते भारतीय टीम ने पिछले दो ओलंपिक टोक्यो और पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवा और अनुभवी दोनों खिलाड़ियों को समान अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि टीम में संतुलन बनाए रखने के लिए अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका भी अहम होगी। टीम के चयन में फिटनेस के साथ कोई समझौता नहीं किया जाता है।

बड़े मंच पर दमदार खेल दिखाने का लक्ष्य

एफआईएच हॉकी विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में होगा। भारत ने लंबे समय से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पदक हासिल नहीं किया है, ऐसे में टीम प्रबंधन इस बार बेहतर प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि टीम का लक्ष्य इस बार खिताब जीतना है और इसके लिए तैयारियां जल्द ही तेज कर दी जाएंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सही रणनीति, फिट खिलाड़ियों और संतुलित टीम संयोजन के दम पर भारत विश्व कप में एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here