टीमों को पांच खिलाड़ी रिटेन करने की अनुमति, नीलामी के लिए 15 करोड़ की पर्स सीमा तय

0

मुंबई. महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 सीजन से पहले बोर्ड ने टीमों को बड़ी राहत दी है। अब हर फ्रेंचाइज़ी अधिकतम पांच खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेगी।  रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर तय की गई है, जबकि नीलामी की प्रक्रिया 25 से 29 नवंबर के बीच हो सकती है। जारी गाइडलाइन के मुताबिक, हर टीम तीन कैप्ड भारतीय, दो विदेशी और दो अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी रिटेन कर सकती है। अगर कोई फ्रेंचाइज़ी पांच खिलाड़ियों को रिटेन करती है, तो उसमें कम से कम एक अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी शामिल होना जरूरी है।

15 करोड़ की पर्स और RTM का नया विकल्प

इस बार WPL ने टीमों को “राइट-टू-मैच (RTM)” का नया विकल्प भी दिया है, जिससे वे नीलामी में अपने पुराने खिलाड़ियों को दोबारा खरीद सकती हैं। हालांकि, अगर कोई टीम पांच खिलाड़ियों को रिटेन करती है तो RTM का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। नीलामी के लिए टीमों की कुल पर्स सीमा 15 करोड़ रुपए तय की गई है। इसके साथ ही रिटेंशन के लिए गाइडलाइन स्लैब्स भी जारी किए गए हैं—पहले खिलाड़ी के लिए 3.5 करोड़, दूसरे के लिए 2.5 करोड़, तीसरे के लिए 1.75 करोड़, चौथे के लिए 1 करोड़ और पांचवें खिलाड़ी के लिए 50 लाख रुपए। अगर कोई टीम पांच खिलाड़ियों को रिटेन करती है, तो उसकी पर्स से 9.25 करोड़ रुपए घट जाएंगे।

नीलामी की प्रमुख तिथियां घोषित

WPL ने नीलामी से जुड़ी प्रमुख समयसीमाएं भी जारी की हैं। रिटेंशन सूची जमा करने की आखिरी तारीख 5 नवंबर, नीलामी में शामिल खिलाड़ियों की सूची भेजने की तारीख 7 नवंबर और खिलाड़ियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 नवंबर तय की गई है। BCCI 20 नवंबर को नीलामी में शामिल खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी करेगा। अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों के लिए न्यूनतम राशि 50 लाख रुपए रखी गई है, जिसे आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकता है। WPL 2026 का यह सीजन महिला क्रिकेट के लिए एक और बड़ा कदम माना जा रहा है, जिसमें नई टीमें और खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here