नई दिल्ली: वेस्टइंडीज की टीम को अक्टूबर की शुरुआत में भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसके लिए उन्होंने अपनी टेस्ट स्क्वाड की घोषणा कर दी है। टेस्ट सीरीज से पहले विंडीज टीम शारजाह में भारत के पड़ोसी देश नेपाल के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टी20 स्क्वाड का ऐलान किया है, जिसमें 5 अनकैप्ड (अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू न करने वाले) खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। यह सीरीज विंडीज टीम के लिए युवा खिलाड़ियों को परखने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतारने का एक अच्छा अवसर होगी।
अकील हुसैन होंगे नेपाल सीरीज में विंडीज टीम के कप्तान
तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए क्रिकेट वेस्टइंडीज ने जो स्क्वाड का ऐलान किया है उसमें कप्तानी की जिम्मेदारी अकील हुसैन को दी गई है। विंडीज टीम के टी20 में नियमित कप्तान साई होप को इस सीरीज के लिए आराम देने का फैसला लिया गया है। वहीं स्क्वाड में एकीम अगस्टे, नवीन बिदैसी, जिशान मोटारा, रेमन साइमंड्स और अमीर जांगू के रूप में 5 अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है। वहीं इसके अलावा यूएसए के लिए 8 टी20 मैच खेलने वाले बल्लेबाज करीमा गोरे को भी वेस्टइंडीज की टीम में जगह दी गई है, जिसमें उन्हें पहली बार विंडीज टीम की तरफ से खेलने का मौका मिल सकता है।
वहीं अकील हुसैन के अलावा नेपाल के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की स्क्वाड में अनुभवी खिलाड़ियों के तौर पर फेबियन एलन, जेसन होल्डर और काइल मेयर्स को शामिल किया गया है। हुसैन पहली बार किसी इंटरनेशनल सीरीज में तीनों फॉर्मेट मिलाकर वेस्टइंडीज टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी को संभालेंगे। इस टी20 सीरीज का पहला मुकाबला जहां 27 सितंबर को खेला जाएगा तो वहीं बाकी के 2 मुकाबले 29 और 30 सितंबर को होंगे, जिसमें भी मैच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।
वेस्टइंडीज का स्क्वाड नेपाल के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए
अकील हुसैन (कप्तान), फेबियन एलन, ज्वेल एंड्रयू, एकीम अगस्टे, नवीन बिडाइसे, जेडीया ब्लेड्स, केसी कार्टी, करीमा गोरे, जेसन होल्डर, अमीर जांगू, काइल मेयर्स, ओबेड मैक्कॉय, जिशान मोटारा, रेमन सिमंड्स, शमर स्प्रिंगर।

