टेनिस संघ के चुनाव में दिग्गजों की दावेदारी, सानिया-भूपति समेत कई नाम शामिल

0

नई दिल्ली: भारतीय टेनिस के दिग्गज महेश भूपति और सानिया मिर्जा ने अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के असाधारण योग्यता वाले खिलाड़ियों के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। दोनों ने संघ की आम सभा और कार्यकारी समिति में प्रतिनिधित्व हासिल करने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। हालांकि, देश के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल लिएंडर पेस ने 7 नवंबर को होने वाले इन चुनावों के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है। ऐसे में टेनिस जगत की निगाहें चुनाव परिणामों और संघ के प्रशासन में खिलाड़ियों की भूमिका पर टिकी रहेंगी।

सानिया-भूपति ने भरा नामांकन, लिएंडर पेस ने चुनाव से बनाई दूरी

चालीस खिलाड़ियों की सूची में टियर-1 में शामिल एकमात्र खिलाड़ी पेस का नामांकन सूची में नहीं होने का मतलब है कि अब वह एआईटीए अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। पेस की अगुवाई वाले बंगाल टेनिस संघ ने सार्वजनिक रूप से उन्हें एआईटीए अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाने का समर्थन किया था। हालांकि अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए पेस के लिए असाधारण योग्यता वाले खिलाड़ियों के चुनावों में जीत हासिल करना जरूरी था क्योंकि वह अब भी राज्य प्रतिनिधि के रूप में चुनाव लड़ने के पात्र नहीं हैं। पेस 27 नवंबर को होने वाले एआईटीए चुनावों में बंगाल के प्रतिनिधि के रूप में हिस्सा ले सकते हैं लेकिन एआईटीए के संशोधित संविधान के तहत अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ सकते।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नियम 12 (बी) के अनुसार कोई व्यक्ति अध्यक्ष, महासचिव या कोषाध्यक्ष पद के चुनाव लड़ने या नामांकन हासिल करने के लिए तभी पात्र होगा जब वह निम्नलिखित तीन में से किसी एक शर्त को पूरा करता हो। पहला, वह असाधारण योग्यता वाले खिलाड़ियों की आम सभा का प्रतिनिधि हो। दूसरा, वह पहले एआईटीए की कार्यकारी समिति में किसी भी पद पर कम से कम एक पूर्ण कार्यकाल तक सदस्य रह चुका हो। तीसरा, वह पहले किसी राज्य संबद्ध इकाई में अध्यक्ष, महासचिव या कोषाध्यक्ष रह चुका हो।

टेनिस संघ चुनाव पर महेश भूपति का बड़ा बयान

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महेश भूपति ने कहा, ‘मेरा मानना है कि प्रत्येक महासंघ में ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जिन्होंने उच्चतम स्तर पर खेला हो और जो खेल में बदलाव लाने में मदद कर सकें। बैडमिंटन में गोपी (पुलेला गोपीचंद) ने जो किया है वह इसका शानदार उदाहरण है। उन्होंने इस खेल को पूरी तरह बदलने में अहम भूमिका निभाई है।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नामांकन सूची के अनुसार भूपति और सानिया के अलावा छह अन्य पूर्व खिलाड़ियों ने भी अपनी दावेदारी पेश की है जिसमें अंकिता भांबरी, मौजूदा डेविस कप कोच आशुतोष सिंह, गौरव नाटेकर, जानकी कृष्णमूर्ति, शालिनी ठाकुर चावला और मौजूदा बिली जीन किंग कप कप्तान विशाल उप्पल शामिल हैं। कार्यकारी समिति के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें भूपति, सानिया, अंकिता, जानकी और उप्पल शामिल हैं।

सानिया मिर्जा के नाम 6 ग्रैंड स्लैम खिताब, भारतीय टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी

एआईटीए के संशोधित संविधान के तहत महासभा में असाधारण योग्यता वाले खिलाड़ियों की श्रेणी के चार प्रतिनिधियों (दो पुरुष और दो महिला) तथा 15 सदस्यीय कार्यकारी समिति में दो प्रतिनिधियों (एक पुरुष और एक महिला) के लिए प्रावधान है। असाधारण योग्यता वाले खिलाड़ियों की व्यवस्था नए खेल प्रशासन नियमों के तहत राष्ट्रीय खेल महासंघों के संचालन में खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।

भूपति युगल में दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी रहे हैं और उन्होंने कई ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं। वह टेनिस सर्किट में भारत के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। सानिया भी युगल में दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी रह चुकी हैं। उन्होंने महिला युगल और मिश्रित युगल में कुल छह ग्रैंडस्लैम खिताब जीते और देश की सबसे प्रतिष्ठित टेनिस खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here