नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल के बाद अर्जेंटीना और स्पेन के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुकाबले में अर्जेंटीना को स्पेन के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। अंतिम सीटी बजने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो पारेडेस इस विवाद के केंद्र में रहे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने स्पेन के डिफेंडर एरिक गार्सिया और मिडफील्डर गेवी के साथ आक्रामक व्यवहार किया और दोनों खिलाड़ियों का गला पकड़ते हुए नजर आए। इस घटना के बाद रेफरी ने पारेडेस को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया।
हालांकि, इस झड़प की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रेफरी की अंतिम सीटी बजने के कुछ ही सेकंड बाद स्पेन के डिफेंडर एरिक गार्सिया मैदान पर गिर पड़े। इसके बाद वह उठे और उनकी लिएंड्रो पारेडेस से तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान पारेडेस ने गार्सिया की गर्दन पर हाथ रखा और उन्हें धक्का दिया। वहीं, अर्जेंटीना के डिफेंडर नाहुएल मोलिना भी विवाद में शामिल दिखे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल व्हिसल के तुरंत बाद उन्होंने स्पेन की बेंच पर मौजूद एक स्थानापन्न खिलाड़ी के पेट में घूंसा मार दिया, जिससे मैदान का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
पूरे मैच में आक्रामक दिखे लिएंड्रो पारेडेस
अर्जेंटीना के मैनेजर लियोनेल स्कालोनी बीच में आ गए और उन्होंने पारेडेस को शांत करने की कोशिश की। इससे पहले पारेडेस ने गैवी को जमीन पर धकेल दिया और सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों का पहना हुआ बिब खींच लिया। पारेडेस पूरे गेम में गुस्से में दिख रहे थे। इससे पहले उन्हें स्पेन के फॉरवर्ड डैनी ओल्मो को धक्का देने के लिए येलो कार्ड दिखाया गया था।
स्पेन ने तोड़ा अर्जेंटीना का विश्व कप जीतने का सपना
स्पेन ने अर्जेंटीना को हराकर उसे 1962 के बाद अपना विश्व कप खिताब बचाने वाली पहली टीम बनने से रोक दिया। पूरे मुकाबले में स्पेन का दबदबा साफ दिखाई दिया और टीम ने लगातार अर्जेंटीना के गोल पर हमले किए। आखिरकार 20वें प्रयास में उसे सफलता मिली। दूसरी ओर, अर्जेंटीना पूरे मैच में गोल की दिशा में एक भी शॉट नहीं लगा सकी। इसके बावजूद निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंचा। अतिरिक्त समय के 106वें मिनट में बार्सिलोना के स्टार फॉरवर्ड फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल दागकर स्पेन को 1-0 की ऐतिहासिक जीत दिलाई और टीम को विश्व कप 2026 का चैंपियन बना दिया।


