थाईलैंड ओपन 2026: सात्विक-चिराग तीसरे खिताब की ओर, लक्ष्य सेन और सिंधु भी मैदान में

0

नई दिल्ली : सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी मंगलवार से शुरू हो रहे थाईलैंड ओपन 2026 में बैंकॉक के निमिबुत्र स्टेडियम के कोर्ट पर चुनौती पेश करेंगे। इस टूर्नामेंट में भारतीय जोड़ी की नजरें अपने तीसरे खिताब पर टिकी हुई हैं। थाईलैंड ओपन 2026 के मुकाबले भारत में लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देखे जा सकेंगे। मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन सात्विक-चिराग पुरुष युगल बैडमिंटन रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं और लगातार बेहतरीन फॉर्म में बने हुए हैं। इस जोड़ी की इस टूर्नामेंट से जुड़ी खास यादें भी हैं, क्योंकि उन्होंने 2019 और 2024 में BWF सुपर 500 खिताब जीतकर अपनी मजबूत पहचान बनाई थी।

‘ब्रदर्स ऑफ डिस्ट्रक्शन’ तीसरी बार खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। थॉमस कप में जबरदस्त प्रदर्शन के बाद टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा करने उतरे हैं, जहां उन्होंने भारत को कांस्य पदक दिलाने में मदद की थी। थाईलैंड में पुरुष एकल वर्ग में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और किदांबी श्रीकांत भारत का नेतृत्व करेंगे। जो थॉमस कप में सात्विक-चिराग के साथी खिलाड़ी थे। श्रीकांत पूर्व चैंपियन भी रह चुके हैं, उन्होंने 2013 में पुरुष एकल का खिताब जीता था।

मानव चौधरी क्वालीफायर में सुपर 500 टूर्नामेंट में अपना डेब्यू करेंगे और उनका मुकाबला पेरिस 2024 ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मलेशिया की ली ज़ी जिया से होगा। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु, जो 2018 में थाईलैंड ओपन की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं, आगामी थाईलैंड ओपन में भारतीय महिला एकल टीम की अगुवाई करेंगी। मालविका बंसोड़, उन्नति हुडा, अनमोल खरब और तन्वी शर्मा भी एशियाई प्रतियोगिता में अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगी।

त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद इस बार थाईलैंड ओपन 2026 में हिस्सा नहीं ले रही हैं, क्योंकि त्रिसा अभी चोट से उबर रही हैं। इसी कारण महिला युगल वर्ग में भारत की ओर से केवल रुतुपर्णा पांडा और श्वेतापर्णा पांडा की जोड़ी ही कोर्ट पर उतर रही है। वहीं मिश्रित युगल में ओलंपियन तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे।

भारत में थाईलैंड ओपन 2026 की लाइव टेलीकास्ट डिटेल्स

थाईलैंड ओपन 2026 के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग भारत में BWF TV के यूट्यूब चैनल पर देखी जा सकेगी। हालांकि टूर्नामेंट के लाइव टेलीकास्ट और टीवी प्रसारण से जुड़ी आधिकारिक जानकारी अभी तक घोषित नहीं की गई है, इसलिए दर्शकों को फिलहाल डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ही मैच देखने का विकल्प मिलेगा।

थाईलैंड ओपन 2026 के लिए भारतीय बैडमिंटन टीम

पुरुष एकल: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, थारुन मन्नेपल्ली, किदांबी श्रीकांत, मानव चौधरी (क्वालिफिकेशन)
पुरुष युगल: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी, एमआर अर्जुन/हरिहरन अम्सकरुनन
महिला एकल: पीवी सिंधु, उन्नति हुडा, ईशारानी बरुआ, देविका सिहाग, तन्वी शर्मा, मालविका बंसोड़, अनमोल खरब, अनुष्का शाहपुरकर (क्वालिफिकेशन)
महिला युगल: रुतुपर्णा पांडा/श्वेतापर्णा पांडा
मिश्रित युगल: ध्रुव कपिला/तनीषा क्रास्टो, रोहन कपूर/रुथविका शिवानी गड्डे, आशिथ सूर्या/अमृता प्रमुथेश, मोहित जगलान/लक्षिता जगलान (क्वालिफिकेशन)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here