ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति क्रिकेट: अनुराग उइके की 73 रनों की तूफानी पारी से स्पार्टन्स इलेवन 5 विकेट से जीता

0

भोपाल। कप्तान अनुराग उइके की महज 43 गेंदों पर खेली गई 73 रनों की धमाकेदार पारी की बदौलत स्पार्टन्स इलेवन ने स्वर्गीय हुकुम सिंह ठाकुर मेमोरियल टूर्नामेंट के लीग मैच में स्पोर्ट्स एज भोपाल को 5 विकेट से मात दी। यह मुकाबला भोपाल के ओल्ड चैंपियन ग्राउंड में खेला गया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी स्पार्टन्स इलेवन के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए स्पोर्ट्स एज भोपाल को 19 ओवर में 138 रनों पर समेट दिया। प्रकाश ने 3 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि आयुष पटेल (2/29) और हर्ष अग्रवाल (2/32) ने अहम विकेट लिए। स्पोर्ट्स एज भोपाल की ओर से मंजीत ने 35 गेंदों में 43 रनों (5 चौके, 1 छक्का) की जुझारू पारी खेली, लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों के कारण कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। सैयद फरहान अली ने 18 और शुंटी दुबे ने 14 रन बनाए।

139 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्पार्टन्स इलेवन की शुरुआत लड़खड़ाई और छठे ओवर तक टीम 46 रन पर 4 विकेट गंवा बैठी, जिसमें शुंटी दुबे (2/29) ने दो झटके दिए। इसके बाद कप्तान अनुराग उइके ने मोर्चा संभाला और 169.77 के स्ट्राइक रेट से 11 चौके व 3 छक्के जड़ते हुए मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने विकेटकीपर हिमांशु तिवारी के साथ पांचवें विकेट के लिए 90 रनों की निर्णायक साझेदारी की। हिमांशु 17 गेंदों पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि यश रघुवंशी ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर टीम को 14.2 ओवर में 143/5 के स्कोर पर जीत दिला दी। 

सुपर हिटर्स की धमाकेदार जीत 

फ्रेंड्स 11 को 10 विकेट से रौंदा टॉस जीतकर सुपर हिटर्स के कप्तान सौरभ यादव ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी फ्रेंड्स 11 की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर महज 109 रन ही बना सकी। फ्रेंड्स 11 की ओर से सलामी बल्लेबाज मिथिलेश पवार ने सर्वाधिक 39 रन (34 गेंद, 6 चौके) बनाए, जबकि रोहित ने 17 और हातम यादव व जितेंद्र कुशवाहा ने 12-12 रनों का योगदान दिया।

सुपर हिटर्स की तरफ से सुशील पटेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 18 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, मयंक रिछारिया ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट और मानव राजपूत ने 1 विकेट हासिल किया।

सौरभ और अंकित की तूफानी साझेदारी 110 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर हिटर्स की सलामी जोड़ी ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान सौरभ यादव और अंकित सिंह ने फ्रेंड्स 11 के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और महज 11 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 112 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी।

महेश सिंह के तूफानी शतक से मास्टर्स इलेवन की शानदार जीत, सिल्वर लाइन वॉरियर्स को 41 रनों से हराया

खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में मास्टर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर लाइन वॉरियर्स को 41 रनों से करारी शिकस्त दी। मास्टर्स इलेवन की इस जीत के मुख्य नायक महेश सिंह रहे, जिन्होंने महज 59 गेंदों में नाबाद 117 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मास्टर्स इलेवन की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने 29 रन के कुल स्कोर तक अपने दो शुरुआती विकेट (राकेश झा 2 रन और अजय यादव 24 रन) गंवा दिए।

इसके बाद क्रीज पर उतरे महेश सिंह और अमित किशोर अग्रवाल ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 83 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

अमित किशोर अग्रवाल ने 31 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 42 रनों का उपयोगी योगदान दिया। दूसरे छोर पर महेश सिंह ने गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने 198.31 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी नाबाद 117 रनों की पारी में 9 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के जड़े। अंत में शुभम नागले ने 8 रन बनाए, जिसके चलते मास्टर्स इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 202 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सिल्वर लाइन वॉरियर्स की ओर से अब्दुल राजिक अली, यासिर कादिर और कप्तान डॉ. टी.पी. साहू को 1-1 सफलता मिली।फैसल की अर्धशतकीय पारी गई बेकार।

रविंद्र और अजय की घातक गेंदबाजी

203 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिल्वर लाइन वॉरियर्स को सलामी बल्लेबाज फैसल कुरैशी और कप्तान डॉ. टी.पी. साहू (14 रन) ने अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। हालांकि, आठवें ओवर में कप्तान के आउट होते ही टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई।

मास्टर्स इलेवन के गेंदबाज रविंद्र सिंह ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में मात्र 17 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके और मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया। एक छोर पर डटे रहे फैसल कुरैशी ने 47 गेंदों में 10 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 83 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। उनके अलावा शिवांशु ने 19 और डॉ. असीम गार्गवा ने 9 रन बनाए। अंतिम ओवरों में अजय यादव ने मात्र 1 ओवर में 5 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिससे सिल्वर लाइन वॉरियर्स की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन ही बना सकी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here