- प्रदेशभर की 16 बालक एवं 16 बालिका टीमें लेंगी हिस्सा, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का होगा चयन
जांजगीर। नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा एवं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 5वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर नेटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 21 एवं 22 नवंबर 2026 को जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 16 बालक एवं 16 बालिका टीमों के खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं। खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता की विशेष बात यह है कि इसमें जूनियर मिक्स नेटबॉल टीम एवं जूनियर फास्ट फाइव नेटबॉल टीम के गठन के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु चयन ट्रायल भी आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 21 नवंबर को शाम 4:00 बजे हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने खेल प्रेमियों एवं खेल जगत से जुड़े सभी लोगों से प्रतियोगिता में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


