नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (आईपीएल 2026) में प्लेऑफ की रेस बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। अब बाकी तीन स्थानों के लिए कुल सात टीमें मुकाबले में बनी हुई हैं। चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाला मुकाबला इस समीकरण को और भी साफ कर सकता है, जिसके बाद दो और स्थान लगभग तय हो सकते हैं। मौजूदा स्थिति में गुजरात टाइटंस के 16 अंक हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के भी 16-16 अंक तक पहुंचने की संभावना बनी हुई है। यदि चेन्नई सुपर किंग्स को सनराइजर्स हैदराबाद हरा देती है, तो पैट कमिंस की अगुआई वाली सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस सीधे प्लेऑफ में प्रवेश कर जाएंगी। इसके बाद शेष पांच टीमें एकमात्र बचे हुए स्थान के लिए जोरदार संघर्ष करती नजर आएंगी।
चेन्नई की हार से सनराइजर्स और गुजरात का प्लेऑफ टिकट पक्का
चेन्नई सुपर किंग्स की हार का मतलब होगा कि सनराइजर्स के 16 अंक हो जाएंगे। गुजरात के पहले से ही 16 अंक हैं। ऐसे में केवल राजस्थान रॉयल्स ही एकमात्र टीम बचेगी, जो 16 अंक तक पहुंच सकती है। चेन्नई सुपर किंग्स की हार से प्लेऑफ में पहुंचने की संभवानाएं कमजोर हो जाएंगी। वह 14 अंक तक ही पहुंच पाएगी।
चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेऑफ समीकरण पर पड़ सकता है बड़ा असर
चेन्नई सुपर किंग्स की तुलना में पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की स्थिति बेहतर नजर आ रही है। मौजूदा समीकरण के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच सकती है। वहीं पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के 15-15 अंक तक पहुंचने की संभावना बनी हुई है, हालांकि इसके लिए कोलकाता को अपने दोनों शेष मुकाबले जीतने होंगे। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स 16 अंकों तक पहुंच सकती है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स भी अधिकतम 14 अंकों तक पहुंचने की स्थिति में दिखाई दे रही है।


