अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन में 3 स्पिनरों को मिल सकता है मौका

0

नई दिल्ली : 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने प्लेइंग इलेवन को लेकर अहम संकेत दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने साफ किया कि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज पूरी तरह फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत इस मुकाबले में तीन स्पिनरों के साथ मैदान पर उतरने की रणनीति पर काम कर रहा है।

गुरुवार चार जून 2026 को मीडिया से बातचीत में रयान टेन डोशेट ने कहा कि मोहम्मद सिराज अच्छी स्थिति में हैं और मैच खेलने के लिए तैयार हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी बताया कि टीम प्रबंधन तीन स्पिनरों के संयोजन के साथ उतरने का मन बना चुका है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर की जगह लगभग तय मानी जा रही है। तीसरे स्पिनर के रूप में मानव सुतार और हर्ष दुबे के बीच मुकाबला है। हालांकि टीम प्रबंधन दोनों को एक साथ खिलाने के पक्ष में नहीं दिख रहा है और इनमें से किसी एक को मौका मिल सकता है।

चयन की रेस में अकिब नबी को लग सकता है झटका

इससे पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि यदि सिराज फिट नहीं होते तो जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकिब नबी उन छह नेट गेंदबाजों में शामिल हैं जो न्यू चंडीगढ़ में भारतीय बल्लेबाजों को अभ्यास करा रहे हैं। हालांकि, मोहम्मद सिराज के फिट घोषित होने के बाद उनके टीम में शामिल होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।

मानव सुतार का प्रदर्शन कैसा रहा, जानिए पूरा विश्लेषण

23 वर्षीय मानव सुतार ने अब तक 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 25.76 के औसत से 129 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने छह बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं। बल्ले से भी वह उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं। उन्होंने 48 पारियों में 25.54 के औसत से 945 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए IPL 2026 में चार मैच खेले और तीन विकेट अपने नाम किये।

हर्ष दुबे के आंकड़ों ने बढ़ाई टीम की उम्मीदें

हर्ष दुबे ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 27 मैचों में 23.26 की औसत से 133 विकेट हासिल किए हैं और अपने नाम 9 बार पाँच विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड दर्ज किया है। बल्लेबाजी में भी उन्होंने अहम योगदान दिया है, जहाँ 44 पारियों में 25.65 की औसत से 1026 रन बनाए हैं और रेड-बॉल क्रिकेट में 9 अर्धशतक लगाए हैं। हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2026 में भी उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 11 मैचों में 13 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है। कहना गलत नहीं होगा कि मानव सुतार और हर्ष दुब दोनों के ही आंकड़े प्रभावशाली हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन तीसरे स्पिनर के रूप में मानव सुतार और हर्ष दुबे में से किसे अंतिम एकादश में जगह देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here