नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही टीम इंडिया के लिए गुरुवार का दिन बेहद निराशाजनक साबित हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पहले विराट कोहली इंजरी के कारण टीम से बाहर हो गए और अब वे इस वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके बाद अब रोहित शर्मा के भी इस सीरीज में खेलने को लेकर सस्पेंस बन गया है। बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा को आईपीएल 2026 के दौरान लगी चोट अब भी परेशान कर रही है।
रोहित शर्मा के खेलने पर सस्पेंस
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा के वनडे सीरीज में खेलने पर संदेह बना हुआ है और बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक वह इस सीरीज से बाहर भी हो सकते हैं। रोहित शर्मा को आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई थी, जिसके चलते वे अपनी टीम के लिए 5 लीग मैच नहीं खेल पाए थे। उन्होंने 9 मैचों में 35.37 की औसत से 2 अर्धशतक की मदद से 283 रन बनाए। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए जब भारतीय टीम का ऐलान हुआ था, तब रोहित शर्मा को स्क्वाड में शामिल किया गया था, लेकिन वे “सब्जेक्ट टू फिटनेस” शर्त के साथ टीम का हिस्सा थे।
39 साल के रोहित शर्मा अब भारत के लिए केवल वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं। उन्होंने टी20 विश्व कप 2024 में भारत को चैंपियन बनाने के बाद छोटे प्रारूप से संन्यास ले लिया था, जबकि पिछले वर्ष उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी विदाई ले ली थी। वहीं, इससे पहले विराट कोहली हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा है कि विराट कोहली आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में गुजरात के खिलाफ रन लेते समय संघर्ष करते नजर आए थे, जहां उन्होंने अपनी टीम आरसीबी के लिए 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली थी।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।


