तिलक वर्मा शतक से चूके, 99 रन पर आउट; इशान की टीम को 372 रन की मजबूत बढ़त

0

नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में साउथ जोन की टीम पहली पारी में 336 रन पर सिमट गई, जिससे ईस्ट जोन को 372 रन की बड़ी बढ़त हासिल हुई। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा शानदार शतक से महज एक रन दूर रह गए और 99 रन के स्कोर पर आउट हो गए। ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पहले फाइनल मुकाबले में साउथ जोन के खिलाफ ईस्ट जोन की तरफ से पहली पारी में इशान किशन के 270 रन, कुमार कुशाग्र के 101 रन के अलावा अभिमन्यु ईश्वनर के 72 रन, शिखर मोहन के 85 रन, वैभव सूर्यवंशी के 44 रन, अनुकूल रॉय के 45 रन की पारी के दम पर इस टीम ने 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। साउथ जोन के बल्लेबाजों ने ईस्ट जोन के खिलाफ काफी संघर्ष किया, लेकिन ये टीम 336 रन के स्कोर तक ही पहुंच पाई।

तिलक वर्मा का शतक अधूरा, 99 रन की पारी

ईस्ट जोन के खिलाफ पहली पारी में साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने 99 रन की जबरदस्त पारी खेली, लेकिन वो अपना शतक पूरा करने से सिर्फ एक ही रन से चूक गए। तिलक ने ये पारी 211 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों की मदद से खेली। तिलक वर्मा के अलावा पहली पारी में साउथ जोन के लिए देवदत्त पडिक्कल ने भी अर्धशतक लगाया और 62 रन के स्कोर पर आउट हुए। एन जगदीशन ने टीम के लिए 32 रन का योगदान दिया जबकि शेख रशीद के बल्ले से 27 रन निकले। स्मरण रविचंद्रन ने 23 रन, श्रेयस गोपाल ने 26 रन तो वहीं वी मिलिंद ने 43 रन की पारी खेली।

मुकेश का शानदार स्पेल, 3 विकेट; शमी ने भी चटकाए 2 विकेट

ईस्ट जोन की ओर से पहली पारी में साउथ जोन के खिलाफ मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। मोहम्मद शमी ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया और दो विकेट अपने नाम किए, जबकि कौनैन कुरैशी और शिखर मोहन को भी दो-दो सफलताएं मिलीं। ईस्ट जोन के कप्तान इशान किशन ने भी पहली पारी में एक ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने आठ रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने चार ओवर का स्पेल डालते हुए 10 रन दिए, लेकिन वह भी सफलता हासिल नहीं कर सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here