नई दिल्ली : साल 2025 भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से ज्यादा अच्छा नहीं रहा, खासकर घरेलू मैदान पर टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इस साल टीम को नया टेस्ट कप्तान शुभमन गिल के रूप में मिला, और उन्होंने भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा भी किया। हालांकि, टेस्ट मैचों में छक्के लगाने के मामले में सबसे आगे ऋषभ पंत रहे, जिन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से सबसे ज्यादा छक्के ठोके।
ऋषभ पंत ने लगाए सबसे ज्यादा छक्के
साल 2025 में भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट की वजह से कुछ टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाए, लेकिन उन्होंने इस साल खेले गए सिर्फ 7 टेस्ट मैचों में अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी का पूरा जलवा दिखाया। पंत ने इन 7 टेस्ट मैचों की 13 पारियों में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 26 छक्के लगाए और इस लिहाज से सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी साबित हुए।
दूसरे नंबर पर रहे शुभमन गिल
भारत के लिए इस साल टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर्स की लिस्ट में कप्तान गिल दूसरे नंबर पर रहे जिन्होंने 9 टेस्ट मैचों की 16 पारियों में कुल 15 छक्के लगाए। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा रहे जिन्होंने 10 टेस्ट मैचों की 17 पारियों में कुल 13 छक्के जड़े। जडेजा ने टेस्ट प्रारूप में 2 शतक भी जड़े और 764 रन भी बनाए।
5वें स्थान पर रहे यशस्वी जायसवाल
साल 2025 में टेस्ट मैचों में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर वाशिंगटन सुंदर रहे, जिन्होंने 9 मैचों की 15 पारियों में कुल 10 छक्के लगाए। वहीं, टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर ओपनर यशस्वी जायसवाल रहे, जिन्होंने 10 मैचों की 19 पारियों में 6 छक्के ठोके। इसके अलावा, यशस्वी ने तीन शतकों की मदद से कुल 745 रन भी बनाए।


