एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ और पब्लिक वाणी द्वारा आयोजित स्वर्गीय ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति अखिल भारतीय ग्रीन पैराडाइस कप क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में शानदार बल्लेबाजी और मजबूती से रचा गया गेंदबाजी प्रदर्शन देखने को मिला। पहले मैच में बीएमसी कमिश्नर इलेवन का सामना इनकम टैक्स इलेवन से हुआ। बीएमसी कमिश्नर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन पर 7 विकेट का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए अजय सिंह ने नाबाद 48 रन, विजय परोचे ने 37 और बिट्टू चौहान ने 32 रन का योगदान दिया। इनकम टैक्स की ओर से प्रशांत और हेमंत ने 2-2 विकेट झटके।
जवाबी पारी में इनकम टैक्स इलेवन की टीम 171 रन पर 8 विकेट ही बना सकी और 16 रन से मैच हार गई। सौरभ चौरे ने 61 रन, प्रशांत ने 40, जबकि मयंक ने नाबाद 33 रन की पारी खेली। बीएमसी कमिश्नर इलेवन की ओर से करण और अजय ने 2-2 विकेट लिए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अजय सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में सुपर हिटर्स और डॉ. रज़ा इलेवन आमने-सामने थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए डॉ. रज़ा इलेवन ने 157 रन पर 9 विकेट का स्कोर बनाया। रिजवान ने 39 और औसाफ ने 36 रन बनाए। सुपर हिटर्स की ओर से राज सोनकर ने 3 विकेट, जबकि मोहित और यतीश ने 2-2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपर हिटर्स की टीम 143 रन पर सिमट गई। वैभव कुमार ने 38 रन, जबकि सौरभ यादव और अभिषेक ने 24-24 रन की पारी खेली। डॉ. रज़ा इलेवन की ओर से रिजवान ने 3 विकेट लिए, जबकि अनस और अलीज़र ने 2-2 विकेट झटके। दोहरे प्रदर्शन के लिए रिजवान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार का वितरण सीनियर डीएसटी रेलवे दिनेश कुमार कलमे, संघ के सहसचिव मुज़ीबउद्दीन और अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर मोहम्मद शाहिद खान ने किया।
आज के मैच:
महाबली वॉरियर्स बनाम ब्लेज़िंग यॉर्कर – सुबह 8:30 बजे
सुपर हिटर्स बनाम जनचर्चा – दोपहर 12:30 बजे


