नई दिल्ली : अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के ड्राफ्ट के लिए भारत के दो पूर्व क्रिकेटर विजय शंकर और केएस भरत ने रजिस्टर किया। दोनों खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इन दोनों के अलावा मुरुगन अश्विन ने भी अपना नाम दिया है। हालांकि, वह भारत के लिए नहीं खेले हैं। यह ड्राफ्ट मंगलवार (3 नवंबर) को दुबई में आयोजित होगा। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भी ऑक्शन के लिए रजिस्टर किया है, जो अब इंग्लैंड में रहते हैं और उनके पास ब्रिटेन की नागरिकता है। हालांकि, ड्राफ्ट रजिस्टर में उन्हें ब्रिटेन में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिक के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। उन्हें प्लैटिनम श्रेणी में रखा गया है।
क्या आईपीएल में खेलेंगे मोहम्मद आमिर?
पूरी उम्मीद है कि आमिर इंग्लैंड की ओर से भी आगामी आईपीएल नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज कराएंगे। ऐसा पहले भी हो चुका है। पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर प्रतिबंध होने के बावजूद पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजहर महमूद ने ब्रिटिश पासपोर्ट के जरिए 2012 से 2015 के बीच आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेला था।
2024 में आमिर ने खेला था पाकिस्तान के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला
क्या कोई फ्रेंचाइजी आमिर में दिलचस्पी दिखाएगी, यह 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली आईपीएल की मिनी-नीलामी के दौरान ही पता चलेगा। 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके आमिर ने आखिरी बार जून 2024 में टी20 विश्व कप के दौरान, फ्लोरिडा के लॉडरहिल में आयरलैंड के खिलाफ पाकिस्तान के लिए खेला था।
462 खिलाड़ियों की सूची तैयार, अफगानिस्तान प्रीमियर लीग में चयन की दौड़ शुरू
विजय, अयान खान और मुरुगन अश्विन को भारतीयों के रूप में रजिस्टर किया गया है, जबकि भरत को यूएई में रहने वाले एक भारतीय खिलाड़ी के तौर पर सूचीबद्ध किया गया है। विजय, मुरुगन और भरत को ड्राफ्ट की ‘गोल्ड’ कैटेगरी में रखा गया है, जिसके लिए 462 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। ड्राफ्ट में शामिल भारतीय मूल के खिलाड़ियों में उन्मुक्त चंद (अमेरिका), राहुल चोपड़ा (संयुक्त अरब अमीरात), अक्षदीप नाथ (अरब अमीरात), अलीशान शराफू (संयुक्त अरब अमीरात), आर्यन अफजल खान (संयु्क्त अरब अमीरात), अयान खान (ओमान), ध्रुव पराशर (संयुक्त अरब अमीरात), व्रज पटेल (केन्या) और यासीन पटेल (कुवैत) शामिल हैं।


