भोपाल। खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा वाटर स्पोट्र्स के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास रंग ला रहे हैं। खिलाड़ियों को मिल रही खेल सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की बदौलत प्रदेश के खिलाड़ी पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। इसी अनुक्रम में मध्य प्रदेश के रोइंग खिलाड़ियों ने बड़ी झील पर आयोजित राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर दो हजार मीटर रैस की पदक तालिका में पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि दो स्वर्ण, एक कांस्य के साथ तेलंगाना दूसरे एवं दो स्वर्ण पदकों के साथ कर्नाटक तीसरे स्थान पर रहा।
यह रहे मध्य प्रदेश के पदक विजेता
राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता के दो हजार मीटर वुमेन पेयर इवेन्ट में सोना कीर और रूकमणी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। बालक वर्ग के काॅक्सलेस फोर इवेन्ट में मध्य प्रदेश के रोइंग खिलाड़ी अंकित, रोहित, अमन राठौर और मानस शर्मा ने भी स्वर्ण पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग के लाइट वेट काॅक्सलेस फोर इवेन्ट में विश्वजीत सेंधव, उमर फारूख, लक्की और भानुप्रताप सिंह की चैकड़ी ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। इसी तरह अंडर-21 बालक के डबल स्कल मुकाबले में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी सुरेन्द्र परमार और एस.सी. विशाकथ चन्द्र की जोड़ी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग पेयर इवेन्ट में मध्य प्रदेश के रोइंग खिलाड़ी कुलदीप सेंधव और प्रिन्स नासिर की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। बालक वर्ग के लाइटवेट डबल स्कल मुकाबले में मंगल सिंह और बलराम सोनी की जोड़ी ने भी कांस्य पदक अर्जित किया। वुमेन काॅक्सलेस फोर इवेन्ट में मध्य प्रदेश की खिलाड़ी अमनदीप कौर, रमनजीत कौर, के.एम. गीता और करूणा देवी ने कांस्य पदक जीता।
मैडल सेरेमनी
पदक विजेता खिलाड़ियों को संयुक्त संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. विनोद प्रधान, भारतीय रेाइंग महासंघ की अध्यक्ष श्रीमती राजलक्ष्मी सिंहदेव, उपाध्यक्ष श्री देवराज सिंह, महासचिव श्री गिरीश फडनवीस, संयुक्त सचिव महावीर भटनागर, कर्नल सी.पी. सिंहदेव, कोषाध्यक्ष सी. बाला, मुख्य निर्णायक श्री संदीप गुप्ता द्वारा पदक प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत बुधवार 1 फरवरी, 2017 को प्रात 09.00 बजे से 500 मीटर के मुकाबले खेले जाएंगे।