UP T20 League: नोएडा सुपर किंग्स को हराकर भुवनेश्वर की टीम ने दर्ज की पहली जीत

0

नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग के छठे मुकाबले में सोमवार, 17 अगस्त 2026 को भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ फाल्कन्स ने पहली जीत दर्ज की। शुरुआती मुकाबले में गोरखपुर लायंस के खिलाफ हार झेलने के बाद लखनऊ ने अपने दूसरे मैच में नोएडा सुपर किंग्स को हराकर टूर्नामेंट में जीत का खाता खोला। इस मुकाबले में कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने गेंद से भी शानदार योगदान दिया। उन्होंने चार ओवर में एक मेडन डालते हुए महज 17 रन देकर दो विकेट हासिल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

छह मुकाबले पूरे होने के बाद रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स टूर्नामेंट की एकमात्र टीम है, जिसने अपने दोनों शुरुआती मैच जीते हैं। चार अंकों के साथ मेरठ की टीम छह टीमों वाली यूपी टी20 लीग की अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर काबिज है। वहीं, नोएडा सुपर किंग्स को हराकर पहली जीत दर्ज करने वाली लखनऊ फाल्कन्स तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, कानपुर सुपर स्टार्स को अपने दोनों शुरुआती मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है और टीम अब तक अपना खाता नहीं खोल सकी है।

इस मुकाबले में पहले खेलते हुए नोएडा सुपर किंग्स की टीम 19.5 ओवर में 136 रन पर सिमट गई थी। लखनऊ फाल्कन्स की तरफ से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली थी। अभिनंदन सिंह ने 30 रन देकर चार विकेट झटके थे। वहीं कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने किफायती गेंदबाजी की और 4 ओवर में 1 मेडन व एक विकेट के साथ सिर्फ 17 रन दिए। नवनीत कुमार को तीन सफलताएं मिलीं, जबकि विप्रज निगम 3 ओवर में 38 रन देकर सबसे महंगे साबित हुए और उन्हें विकेट भी नहीं मिला।

137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की टीम की भी शुरुआत अच्छी नहीं थी। मोहम्मद सैफ 11 और प्रियम गर्ग 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद तीसरे नंबर के बल्लेबाज आराध्य यादव ने 51 रन की पारी खेली। वहीं समीर चौधरी 28 रन पर नाबाद रहे। 19.2 ओवर में लखनऊ की टीम ने 7 विकेट खोकर 140 रन बना लिए और मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम किया।

यूपी टी20 लीग के पहले 6 मैचों के बाद अंकतालिका
स्थान टीम मैच जीत हार नेट रन रेट अंक
1 मेरठ मावेरिक्स 2 2 0 +0.925 4
2 काशी रुद्रास 2 1 1 +0.417 2
3 लखनऊ फाल्कन्स 2 1 1 +0.067 2
4 नोएडा सुपर किंग्स 2 1 1 -0.134 2
5 गोरखपुर लायंस 2 1 1 -0.839 2
6 कानपुर सुपर स्टार्स 2 0 2 -0.557 0

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here