नई दिल्ली : भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने वर्ष 2023 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था और अब एक बार फिर टीम के 2026 संस्करण में हिस्सा लेने की संभावना है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 2023 में खेली गई टीम के 9 खिलाड़ियों को इस बार के इवेंट के लिए चुने गए 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची में जगह मिली है। वहीं, इस संभावित सूची में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी और श्रेयस अय्यर को भी शामिल किया गया है।
वैभव सूर्यवंशी बन सकते हैं एशियन गेम्स टीम का हिस्सा
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की 30 सदस्यीय संभावित टीम में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को जगह नहीं मिली है। अमर उजाला की एक रिपोर्ट के अनुसार मुताबिक बीसीसीआई ने 2026 एशियाई खेलों के आयोजकों के साथ संभावित खिलाड़ियों की सूची साझा की है जिसमें से 15 सदस्यों की अंतिम टीम बाद में चुनी जाएगी। पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली है। ऋतुराज गायकवाड़ जिन्होंने पिछले सीजन में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था उन्हें भी इस सूची में शामिल किया गया है हालांकि उन्होंने जुलाई 2024 में भारत के लिए जिम्बाब्वे दौरे के बाद से कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है।
एशियाई खेल में इस बार पुरुष क्रिकेट मुकाबले का आयोजन भारत की वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के साथ ही होने की संभावना है, जो 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेली जा सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गौतम गंभीर के वनडे मैचों में व्यस्त रहने की उम्मीद के चलते उनके इस कॉन्टिनेंटल इवेंट के लिए जापान जाने की संभावना कम है। उनकी जगह पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को टीम का कोच बनाए जाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि चयनित भारतीय टीम काफी मजबूत होगी और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की मौजूदगी से बल्लेबाजी क्रम और भी ज्यादा मजबूत नजर आ सकता है।


