हरारे। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के तीसरे मुकाबले में 35 रन से जीत दर्ज करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप किया। इस जीत के सबसे बड़े नायक 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्हें पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके साथ ही वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह पुरस्कार जीतने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। तीसरे टी-20 मुकाबले में सूर्यवंशी ने 49 गेंदों में 81 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। 15 साल 121 दिन की उम्र में यह सम्मान हासिल कर उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं प्लेयर ऑफ द सीरीज के मामले में उन्होंने अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान का विश्व रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
सबसे कम उम्र में दूसरा प्लेयर ऑफ द मैच सम्मान
वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनसे पहले यह भारतीय रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 17 साल 112 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। दुनिया में इस सूची में केवल सिएरा लियोन के एलुसिन तुरे उनसे आगे हैं, जिन्होंने 15 साल 74 दिन की उम्र में यह सम्मान जीता था।
16 साल से पहले दूसरी इंटरनेशनल फिफ्टी
सूर्यवंशी ने 16 वर्ष की उम्र पूरी होने से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरी बार 50 से अधिक रन का स्कोर बनाया। ऐसा करने वाले वे दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले नेपाल के कुशल मल्ला ने 16 साल की उम्र से पहले केवल एक अर्धशतक लगाया था।
इस साल टी-20 में भारत के लिए 86 छक्के
वैभव सूर्यवंशी वर्ष 2026 में सभी टी-20 मुकाबलों को मिलाकर 86 छक्के लगा चुके हैं। इस प्रदर्शन के साथ वे एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टी-20 छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में अभिषेक शर्मा 2025 में लगाए गए 108 छक्कों के साथ शीर्ष पर हैं। कम से कम 100 टी-20 छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में सूर्यवंशी का हर 5.21 गेंद पर एक छक्का लगाने का औसत भी सबसे बेहतर माना जा रहा है।
अभिषेक शर्मा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह सीरीज निराशाजनक रही। उन्होंने तीन मैचों में केवल 11 रन बनाए और तीन मैचों की टी-20 सीरीज में सबसे कम रन बनाने वाले भारतीय ओपनर बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम था, जिन्होंने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 19 रन बनाए थे।
मयंक यादव ने की भुवनेश्वर कुमार की बराबरी
तेज गेंदबाज मयंक यादव ने एक बार फिर पारी की पहली गेंद पर विकेट लेकर नया कीर्तिमान बनाया। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह तीसरी बार है जब उन्होंने पारी की पहली गेंद पर विकेट लिया। इसके साथ ही उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
सिकंदर रजा सातवीं बार शून्य पर आउट
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान सातवीं बार शून्य पर आउट हुए। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरॉन फिंच आठ बार शून्य पर आउट होकर पहले स्थान पर हैं। भारतीय पारी की पहली ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने चौका लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। इसके बाद उन्होंने सिकंदर रजा की गेंद पर 102 मीटर लंबा छक्का जड़कर दर्शकों को रोमांचित किया। हालांकि 81 रन पर उनकी पारी का अंत ब्रैड इवांस के शानदार डाइविंग कैच से हुआ। वहीं भारतीय विकेटकीपर ईशान किशन ने एक आसान कैच टपकाने के बाद गेंदबाज अशोक शर्मा से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना।


