वैभव सूर्यवंशी ने मचाया धमाल, तूफानी अर्धशतक से ईस्ट जोन को मिली रफ्तार

0

नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन के उपकप्तान बनाए गए वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आखिरकार चल पड़ा। पहले मुकाबले में निराश करने के बाद सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन के खिलाफ वैभव ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तूफानी अर्धशतक जड़ दिया। उनकी शानदार पारी की बदौलत ईस्ट जोन को तेज शुरुआत मिली और टीम ने 15 ओवर में बिना किसी नुकसान के 100 रन पूरे कर लिए। खबर लिखे जाने तक उनके साथी सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन 50 गेंदों में 38 रन बनाकर खेल रहे थे।

वैभव सूर्यवंशी ने 42 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया और उन्होंने हाल ही में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले सारांश जैन के खिलाफ छक्का लगाते हुए पचासा पूरा किया। वैभव ने अपने अर्धशतक तक पहुंचने के लिए 51 में से 38 रन बाउंड्री से बटोरे जिसमें 5 चौके और तीन छक्के शामिल थे। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वैभव सिर्फ 8 रन बनाए पाए थे लेकिन गेंदबाजी में 11 रन देकर दो विकेट उन्होंने झटके थे। हर्ष दुबे का शिकार बनने से पहले वैभव ने 81 गेंद पर 92 रन बनाए जिसमें 7 चौके व 7 छक्के शामिल थे।

वैभव सूर्यवंशी का यह पहला दलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट है और वह ईस्ट जोन की टीम में उपकप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। इस मुकाबले में उन्होंने दलीप ट्रॉफी में अपना पहला अर्धशतक भी जड़ा। इससे पहले इशान किशन की गैरमौजूदगी में वैभव ईस्ट जोन की कप्तानी भी कर चुके हैं। मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल जोन की टीम 266 रन पर ऑलआउट हो गई। ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार और अभिजित सरकार ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी और कोएनैन कुरैशी को दो-दो सफलताएं मिलीं।

वैभव सूर्यवंशी के लिए शानदार रहा 2026

वैभव सूर्यवंशी के लिए 2026 अब तक बेहद शानदार रहा है। साल की शुरुआत में उन्होंने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में तूफानी बल्लेबाजी कर भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद आईपीएल 2026 में उन्होंने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की और एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इसके बाद वैभव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और जिम्बाब्वे दौरे पर प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी जीता। अब दलीप ट्रॉफी के रेड बॉल क्रिकेट में भी वह अपने प्रदर्शन से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here