एलिमिनेटर से पहले वैभव सूर्यवंशी को मिला बड़ा सम्मान, WWE स्टार ने पहनी उनके नाम की जर्सी

0

नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी की चर्चा अब अमेरिका के चर्चित वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट तक पहुंच चुकी है। महज 15 साल की उम्र में आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव ने अपनी प्रतिभा से हर किसी को प्रभावित किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसी बीच WWE के एक स्टार रेसलर ने प्लेऑफ के एलिमिनेटर मुकाबले से पहले राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनकर जिम में वर्कआउट किया, जिस पर वैभव सूर्यवंशी का नाम लिखा हुआ था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

WWE के धाकड़ रेसलर ड्रू मैकइंटायर ने वैभव सूर्यवंशी के नाम की राजस्थान रॉयल्स वाली जर्सी पहनी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने अपने जिम करने का वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। इस वीडियो के कैप्शन में ड्रू ने लिखा,”Chosen One”, यानी उन्होंने एलिमिनेटर मुकाबले से पहले अपनी पसंदीदा टीम और अपने पसंदीदा क्रिकेटर को चुन लिया है। इंस्टाग्राम पर ड्रू मैकइंटायर का यह वीडियो फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक तकरीबन 3 लाख 90 हजार लोग इसे लाइक कर चुके थे और तकरीबन 2700 से ज्यादा इस पर कमेंट आ चुके हैं। यूजर्स वैभव सूर्यवंशी के प्रति अपना प्यार लुटा रहे हैं, वहीं एक ने ड्रू मैकइंटायर को आरआर पगलू तक कहा।

राजस्थान रॉयल्स के सामने सनराइजर्स हैदराबाद की कठिन चुनौती

राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के अपने आखिरी लीग मुकाबले में जीत दर्ज कर प्लेऑफ में जगह पक्की की थी। लीग चरण खत्म होने के बाद टीम 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही और एलिमिनेटर में पहुंची। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब राजस्थान का सामना बेहद खतरनाक मानी जा रही सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इस मुकाबले में हार राजस्थान के दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने के सपने को खत्म कर सकती है। ऐसे में सभी की नजरें युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरे सीजन राजस्थान का बड़ा बोझ अपने कंधों पर उठाया है। लीग स्टेज की 14 पारियों में उनके नाम 583 रन दर्ज रहे। अब उनसे उम्मीद होगी कि वह प्लेऑफ में भी दमदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत की राह पर आगे बढ़ाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here