फिर नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, बिहार को मिली लगातार दूसरी हार; पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे

0

नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के अपने दूसरे मैच में भी बिहार को शिकस्त झेलनी पड़ी। टीम के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। पिछली पारी में जहाँ उन्होंने 4 गेंद पर 14 रन बनाए थे, वहीं मध्य प्रदेश के खिलाफ इस मुकाबले में वह 9 गेंदों में सिर्फ 13 रन जोड़ पाए। लगातार दूसरी हार ने बिहार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और टीम ग्रुप बी की अंक तालिका में फिसलकर सबसे नीचे पहुँच गई है।

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले मैच में लगातार दो छक्के लगाकर शुरुआत की थी और फिर संदीप शर्मा का शिकार बने थे। लेकिन इस मैच में उनकी शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। शिवम शुक्ला ने उन्हें सिर्फ 13 रन के स्कोर पर पवेलियन वापस भेज दिया। उनकी लगातार दूसरी फ्लाप पारी बिहार की टीम के लिए चिंता का विषय रही।

मैच में क्या हुआ?

इस मैच की बात करें तो पहले खेलते हुए मध्य प्रदेश ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 174 रन बनाए थे। केकेआर के स्टार ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 55 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने 3 ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया। 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार की पूरी टीम 112 रन पर ही ऑल आउट हो गई। एमपी के लिए शिवांग कुमार 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लेते हुए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बने।

मैच में बिहार की स्थिति सबसे नीचे पहुंची

लगातार दूसरी हार के बाद बिहार की टीम अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर खिसक गई है। ग्रुप-बी में यह दोनों टीमों का दूसरा मुकाबला था। मध्य प्रदेश ने अपने पहले मैच में हार झेलने के बाद इस बार 62 रन से दमदार जीत हासिल की और फिलहाल ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गया। बाकी टीमों के दूसरे मैच अभी होने बाकी हैं, लेकिन इस मुकाबले के बाद एमपी पहले स्थान पर और बिहार अंतिम पायदान पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here