नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के आगाज में अब लगभग 24 घंटे का ही समय बाकी है, जहां पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर दोनों टीमें पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन प्लेइंग 11 को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं। खासकर आरसीबी के सामने सबसे बड़ा सवाल चार विदेशी खिलाड़ियों के चयन को लेकर बना हुआ है। जोश हेज़लवुड के फिट न होने की वजह से समीकरण बदल गए हैं, जबकि फिल सॉल्ट, टिम डेविड और शेफर्ड का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में जैकब बेथेल जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ सकता है।
इसी चयन को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी अपनी राय रखी है, जिससे बहस और दिलचस्प हो गई है। आकाश चोपड़ा ने आईपीएल 19 के उद्घाटन मैच से पहले आरसीबी की फाइनल प्लेइंग 11 से जुड़े तीन सवालों का जवाब देते हुए कई महत्वपूर्ण चयन अपनी प्लेइंग 11 में किए हैं। उनके मुताबिक वेंकटेश अय्यर को स्टार्टिंग प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिल रही है। वहीं रसिख डार सलाम की जगह उन्होंने मंगेश यादव को चुना है। इतना ही नहीं जैकब बेथेल भी उनके चार विदेशी खिलाड़ियों की लिस्ट का हिस्सा नहीं हैं।
कौन होंगे RCB के विदेशी स्टार? आकाश चोपड़ा ने खोले पत्ते
आकाश चोपड़ा ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर वीडियो पोस्ट किया और आरसीबी के लिए चार विदेशी खिलाड़ियों का चयन किया। उनके मुताबिक फिल साल्ट, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड का खेलना तो तय है। वहीं चौथे विदेशी खिलाड़ी के रूप में उन्होंने जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में जैकब डफी को चुना। हालांकि, नुवान तुषारा भी हैं टीम के पास लेकिन उन्होंने डफी पर अपना दांव लगाया।
वहीं भारतीय पेस अटैक में आकाश चोपड़ा ने मंगेश यादव को अपनी पसंद बताया, जबकि रोमारियो शेफर्ड टीम के लिए तीसरे पेसर की भूमिका में नजर आ सकते हैं। बल्लेबाजी क्रम में उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को वेंकटेश अय्यर से आगे रखते हुए अपनी स्टार्टरिंग प्लेइंग 11 में जगह दी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही उठाया है कि अगर वेंकटेश अय्यर आपकी फाइनल इलेवन में नहीं हैं, तो फिर उन पर 7 करोड़ रुपये का बड़ा दांव क्यों लगाया गया? इस समीकरण को देखते हुए साफ संकेत मिलते हैं कि आरसीबी इस सीजन में वेंकटेश अय्यर को खास इम्पैक्ट प्लेयर इस्तेमाल कर सकती है, जिससे टीम को जरूरत के हिसाब से बैलेंस मिल सके।
आरसीबी की संभावित प्लेइंग 11
आकाश चोपड़ा ने जिन खिलाड़ियों को चुना और जो कॉम्बिनेशन बनता नजर आ रहा है, उसे देखते हुए आरसीबी की संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:-
विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटिदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, मंगेश यादव, जैकब डफी, सुयश शर्मा।
इम्पैक्ट- रसिख डार सलाम, वेंकटेश अय्यर।


