नई दिल्ली: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में इंडिया ए रविवार को अपना दूसरा लीग मुकाबला पाकिस्तान ए के खिलाफ खेलेगी। टूर्नामेंट की शुरुआत भारत ने जोरदार अंदाज में की थी, जब उसने पहले मैच में यूएई को 148 रनों से हराया था। अब टीम का पूरा ध्यान पाकिस्तान को हराने पर रहेगा।
वैभव सूर्यवंशी की तूफ़ानी बैटिंग ने पाक टीम में बढ़ाया डर
इंडिया ने अपने पहले मैच में जिस शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया, उसे देखकर पाकिस्तान की टीम निश्चित रूप से दबाव में होगी। लेकिन सबसे ज्यादा डर उन्हें भारत के युवा 14 वर्षीय ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से लगता होगा। इसका कारण स्पष्ट है — वैभव ने यूएई के खिलाफ जिस धमाकेदार पारी खेली और टी20 में अपने रिकॉर्ड तथा आक्रामक खेलने के अंदाज़ से विरोधी टीमों को परेशान किया है, वह किसी भी प्रतिद्वंदी के लिए चुनौतीपूर्ण साबित होता है।
वैभव के बल्ले से जो 144 रन (42 गेंदों पर, 15 छक्के व 11 चौकों के साथ) की पारी दोहा में आई थी अगर उन्होंने कुछ इसी अंदाज में पाकिस्तान के खिलाफ खेल दिया तो इस टीम का क्या हाल होगा इसके बारे में सोचा जा सकता है। ऐसे में पाकिस्तान की टीम के निशान पर वैभव ही होंगे और उनको लेकर ये टीम ठोस रणनीति बनाने में जुटी हुई होगी ताकि उन्हें जल्दी आउट किया जा सके। अगर पाकिस्तान वैभव पर अंकुश नहीं लगा पाया और वो जम गए तो फिर कहानी अलग हो जाएगी।
170 गेंदों पर 9 मैचों में 409 रन, वैभव सूर्यवंशी ने मचाई धमाल
वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट के कितने खतरनाक बल्लेबाज हैं, यह उनके आंकड़े बखूबी बयान करते हैं। 14 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने अब तक 9 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 170 गेंदों का सामना करते हुए 409 रन बनाए हैं। इन 9 पारियों में उनका औसत 45.44 और स्ट्राइक रेट 240.58 का रहा है। इसके साथ ही उन्होंने 2 शतक और 1 अर्धशतक भी जड़ा है। वैभव के बल्ले से इस दौरान 29 चौके और 41 छक्के भी निकले हैं, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की कहानी खुद ही कह देते हैं।

