नई दिल्ली : टी20 मुंबई लीग 2026 के 10वें मुकाबले में आकाश टाइगर्स और नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के बीच भिड़ंत हुई, जिसमें अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने 22 रन से जीत दर्ज की। इस जीत में टीम के गेंदबाज वैभव माली की घातक गेंदबाजी और आयुष वर्तक की नाबाद अर्धशतकीय पारी ने अहम भूमिका निभाई। शानदार बल्लेबाजी के लिए आयुष वर्तक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मुकाबले में आकाश टाइटर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 194 रन बनाए। जीत के लिए आकाश टाइगर्स को 195 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन ये टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन ही बना पाई और इस टीम को 22 रन से हार मिली।
वैभव माली ने गेंदबाजी में दिखाया कमाल
इस मैच में रहाणे की टीम यानी नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के लिए वैभव माली ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि प्रतीक मिश्रा और प्रवेश पॉल को 2-2 सफलता मिली। आकाश टाइगर्स के लिए सरफराज खान ने शानदार पारी खेली और उन्होंने 21 गेंदों पर 62 रन बनाए। इस पारी के दौरान सरफराज ने 4 छक्के और 8 चौके लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 295.25 का रहा। हालांकि सरफराज ने तेज पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। इसके अलावा आकाश टाइगर्स के लिए सक्षम पराशर ने 29 रन बनाए।
आयुष वर्तक की धमाकेदार नाबाद 83 रन की पारी
नॉर्थ मुंबई पैंथर्स की ओर से इस मुकाबले में आयुष वर्तक ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 83 रन बनाए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए आयुष ने 41 गेंदों में यह शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 7 छक्के और 3 चौके जड़े और उनका स्ट्राइक रेट 202.44 रहा। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 15 रन का योगदान दिया, जबकि अनीष चौहान ने 44 रन की अहम पारी खेली। वहीं अभिज्ञान कुंडू ने 13 गेंदों में 20 रन बनाए। आकाश टाइगर्स की ओर से विनायक भोईर ने सबसे सफल गेंदबाज रहते हुए 2 विकेट हासिल किए।


