विराट-अनुष्का ने कृष्ण दास के कीर्तन में लिया हिस्सा, राधे नाम का जाप करते आए नजर

0

नई दिल्ली : अनुष्का शर्मा और विराट कोहली अब ग्लैमर की दुनिया के साथ-साथ भक्ति की राह पर भी आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। दोनों को अक्सर वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करते हुए देखा जाता है। अब रविवार शाम को अनुष्का और विराट मुंबई में अमेरिकी गायक कृष्ण दास के कीर्तन में शामिल हुए। इस दौरान दोनों भक्ति में लीन नजर आए। कीर्तन में ‘राधे-राधे’ नाम का जाप करते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

वीडियो में अनुष्का मरून रंग का सूट पहने फ्रंट सीट पहने पूरी तरह से भक्ति में डूबी नजर आ रही हैं। उन्होंने अपनी उंगली में चैंटिंग मशीन पहनी है और वो जोरदार तालियों के साथ कीर्तन में डूबी नजर रही हैं। वहीं विराट भी उनके साथ में बैठे कीर्तन का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।

दोनों भक्ति में डूबे नजर आए और ‘गोविंद राधे, गोपाल राधे’ का जाप करते दिखे। यह कीर्तन कृष्ण दास के भारत दौरे का हिस्सा था। अमेरिकी गायक कृष्ण दास अपने भक्ति गीतों के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। उनके गानों में भारतीय भजन और पश्चिमी संगीत का मेल सुनने को मिलता है। यह पहली बार नहीं है, जब अनुष्का और विराट एक साथ कृष्ण दास के कीर्तन में शामिल हुए हैं। जुलाई 2026 में भी दोनों लंदन के यूनियन चैपल में आयोजित इसी तरह के कीर्तन में पहुंचे थे।

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली अपने काम के अलावा आध्यात्मिक रुचि को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। दोनों नीब करौरी बाबा में गहरी श्रद्धा रखते हैं और वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से भी कई बार मिल चुके हैं। बता दें कि अनुष्का और विराट पिछले कुछ सालों से अपनी निजी जिंदगी को लोगों की नजरों से दूर रख रहे हैं। दोनों लंदन में रहते हैं और अपने बच्चों वामिका और अकाय के साथ वहां काफी समय बिताते हैं। समय-समय पर वो भारत आते हैं और हर बार वो कभी नीब करौरी बाबा मंदिर जाते हैं और कभी वो वृंदावन दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here