नई दिल्ली : भारत-न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मैच मंगलवार (27 अक्टूबर) को वेलिंग्टन में होना है। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी का खेलना लगभग पक्का हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार (26 अक्टूबर) जानकारी दी कि इशान किशन चोट से नहीं उबर पाए हैं और वह तीसरे टी20 में नहीं खेल पाएंगे। भारतीय टीम के साथ झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र जुड़े रहेंगे।
इशान किशन की चोट पर बीसीसीआई ने जानकारी देते हुए कहा, ‘इशान किशन अपनी दाईं जांघ की हल्की चोट (लो-ग्रेड एडक्टर स्ट्रेन) से अच्छी तरह उबर रहे हैं। उन्हें यह चोट न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मैच के दौरान लगी थी। वे अभी तक मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं, इसलिए 27 अक्टूबर 2026 को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 मैच से वे बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ईशान की रिकवरी पर नजर रख रही है। कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 मैच के लिए भी टीम के साथ बने रहेंगे।’
भारत का दबदबा बरकरार, सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त
भारत फिलहाल पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है। क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टी20 में भारत ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। दूसरे में भी उसे 4 विकेट से जीत मिली। इशान किशन की जगह दूसरे टी20 में खेले वैभव सूर्यवंशी नंबर 3 पर खेले थे। उन्होंने 8 गेंद पर 4 रन बनाए थे। भारत ने 181 रनों के लक्ष्य को 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल किया। तिलक वर्मा ने 26 गेंद पर नाबाद 51 रनों की पारी खेली थी। नितीश कुमार रेड्डी 13 गेंद पर नाबाद 26 और नमन धीर ने 17 गेंद पर 31 रन बनाए थे।


